एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय का 12 वां दीक्षांत समारोह 24 मार्च को कुलपति ने परखी तैयारियां,पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होने का आह्वान

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय अपने 12 वें दीक्षांत समारोह के भव्य आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। 24 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले इस

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय अपने 12 वें दीक्षांत समारोह के भव्य आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। 24 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले इस गरिमामय समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। इसी क्रम में कुलपति प्रो.एस.पी.सिंह ने एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जानकारी दी गई कि इस बार दीक्षांत समारोह के लिए कुल 645 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है,जिनमें 78 स्वर्ण पदक विजेता एवं 174 पीएचडी शोधार्थी शामिल हैं। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी पर संतोष व्यक्त करते हुए कुलपति ने इसे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक बताया। अपने संबोधन में प्रो.एस.पी.सिंह ने दीक्षांत समारोह के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों से विशेष आग्रह किया कि वे इस गौरवपूर्ण अवसर पर पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित हों। उन्होंने कहा कि इससे न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को सम्मान मिलेगा,बल्कि विविधता में एकता का संदेश भी सशक्त रूप से प्रसारित होगा। कुलपति ने यह भी अवगत कराया कि दीक्षांत समारोह से एक दिन पूर्व 23 मार्च 2026 को कार्यकारी परिषद की बैठक आयोजित की जाएगी,जिसमें विश्वविद्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशासनिक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में संचालन समिति के संयोजक प्रो.एच.बी.एस.चौहान,सह-संयोजक प्रो.एम.एस.पंवार,छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो.ओ.पी.गुसाईं,प्रो.वाई.पी.रैवानी,चौरास परिसर निदेशक प्रो.आर.एस.नेगी,मुख्य अनुशासनाधिकारी प्रो.दीपक कुमार, कुलसचिव सहित विभिन्न समितियों के संयोजक एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी समितियों द्वारा अपनी-अपनी तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। कुलपति प्रो.सिंह ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल,सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस बार का दीक्षांत समारोह न केवल भव्य होगा,बल्कि अनुशासन,गरिमा और सांस्कृतिक मूल्यों की दृष्टि से भी एक यादगार आयोजन साबित होगा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...