संवाददाता: गबर सिंह भण्डारी, हिमालय टाइम्स
श्रीनगर गढ़वाल।
श्रीनगर नगर निगम की मेयर आरती भण्डारी एक बार फिर अपने साहसिक और निष्पक्ष निर्णय के लिए चर्चा में हैं। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के पास ऋषिकेश बस अड्डे के निकट स्थित सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को लेकर सीधा मोर्चा संभाला और स्वयं मौके पर पहुँचकर अतिक्रमण को तुरंत रुकवाया।
यह भूमि श्रीनगर नगर की हृदयस्थली में स्थित है, जहाँ भविष्य में सुव्यवस्थित पार्किंग और आधुनिक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण प्रस्तावित है। लेकिन हाल ही में टिहरी गढ़वाल मोटर ऑर्गनाइजेशन द्वारा इस भूमि पर गैरकानूनी कब्जे का प्रयास किया जा रहा था, जिसे नगर निगम की त्वरित कार्रवाई से विफल कर दिया गया।
मेयर आरती भण्डारी ने स्पष्ट कहा,
“सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।“
स्थानीय नागरिकों ने मेयर की सक्रिय भागीदारी और साहसिक निर्णय की खुले दिल से प्रशंसा की। कई लोगों ने कहा कि यह पहली बार है जब किसी जनप्रतिनिधि ने स्वयं मौके पर पहुंचकर जनहित में तत्काल निर्णय लिया है।
श्रीनगर नगर निगम का यह कदम दिखाता है कि अब शासन सिर्फ फाइलों में नहीं, बल्कि मैदान में नजर आ रहा है। अतिक्रमण के खिलाफ यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।