अपराध गोष्ठी में एसएसपी का सख्त संदेश-कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। अपराध नियंत्रण,साइबर ठगी पर प्रभावी अंकुश,नशे के कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने को लेकर पौड़ी पुलिस ने अपनी रणनीति

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। अपराध नियंत्रण,साइबर ठगी पर प्रभावी अंकुश,नशे के कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने को लेकर पौड़ी पुलिस ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। आगामी छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण,निष्पक्ष एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के साथ आमजन की सुरक्षा और शिकायतों के त्वरित निस्तारण को पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मुख्यालय स्तर से संचालित अभियानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। 10 सितंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में अगस्त माह की मासिक अपराध गोष्ठी की। इस दौरान जनपद की कानून-व्यवस्था,वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी,मादक पदार्थों एवं अवैध शराब की तस्करी,साइबर अपराध,महिला एवं बाल सुरक्षा तथा मुख्यालय स्तर से संचालित विभिन्न अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में एसएसपी ने इनामी एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान को और प्रभावी बनाने,मादक पदार्थों एवं अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा जनजागरूकता अभियानों को परिणामोन्मुख ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को मुख्यालय से जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने और अपेक्षित प्रगति हासिल करने को कहा। सार्वजनिक आयोजनों और आगामी छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। नियमित गश्त,चेकिंग और संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ाने के साथ शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया,ताकि छात्रसंघ चुनाव निष्पक्ष,शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें। एसएसपी ने टॉप-10 अपराधियों,हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों की लगातार निगरानी करते हुए उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही लंबित विवेचनाओं,शिकायतों और जनसुनवाई प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। साइबर अपराध के प्रति जागरूकता पर जोर साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रत्येक थाना स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। आमजन को डिजिटल गिरफ्तारी,निवेश के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी,फर्जी लिंक,सामाजिक माध्यमों के जरिए ठगी और साइबर ब्लैकमेलिंग के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अंतरजनपदीय एवं अंतरराज्यीय नेटवर्क पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। नशा तस्करों की संपत्तियों के चिन्हीकरण तथा उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने को भी कहा गया। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला हेल्प डेस्क,एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग इकाई और बाल सुरक्षा इकाइयों को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। किरायेदारों,घरेलू सहायकों,बाहरी श्रमिकों और होटल आदि में सत्यापन अभियान को भी गति देने को कहा गया। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए। तेज गति से वाहन चलाने,नशे में वाहन चलाने,परिवर्तित साइलेंसर लगाने और खतरनाक ढंग से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने को कहा गया। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान सामने आया कि जनपद में अब तक प्राप्त कुल 593 शिकायतों में से 530 शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है,जबकि 63 शिकायतें विभिन्न स्तरों पर लंबित हैं। एसएसपी ने लंबित शिकायतों का शीघ्र,गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनकी नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। अगस्त माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 36 पुलिस कार्मिकों को कर्मचारी ऑफ द मंथ का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक वेद प्रकाश,आरक्षी चन्द्रपाल,होमगार्ड कुलदीप,अपर उपनिरीक्षक जयपाल सिंह,उपनिरीक्षक रणजीत तोमर,अपर उपनिरीक्षक अहसान अली,मुख्य आरक्षी उत्तम चौहान,आरक्षी अवनीश कुमार,आरक्षी शितांषु कुमार,आरक्षी राकेश गुसाईं,उपनिरीक्षक पंकज तिवारी,उपनिरीक्षक विजय सैलानी,मुख्य आरक्षी दिनेश चौधरी,आरक्षी महावीर पुण्डीर,उपनिरीक्षक अमरजीत सिंह,अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र भण्डारी,मुख्य आरक्षी उदय कुमार,मुख्य आरक्षी विक्रम सिंह,मुख्य आरक्षी बुद्धिबल्लभ,आरक्षी विजय प्रकाश,होमगार्ड राजेन्द्र पुण्डीर,होमगार्ड मनवर सिंह,पीआरडी अरविन्द कुमार,उपनिरीक्षक अमित कुमार,मुख्य आरक्षी लोकेश गिरी,आरक्षी संजीव कुमार,अपर उपनिरीक्षक प्रदीप बिष्ट,आरक्षी दिगम्बर सिंह,आरक्षी सुमित कुमार,आरक्षी चालक सूर्यकान्त,फायर चालक नवनीत सिंह,फायरमैन संजय सिंह,फायरमैन नरेन्द्र दत्त,मुख्य आरक्षी पुलिस दूरसंचार अनुज प्रसाद,होमगार्ड पंकज एवं होमगार्ड हर्षपाल शामिल रहे। एसएसपी ने सम्मानित पुलिस कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित करने से पुलिस बल में कार्य के प्रति सकारात्मक ऊर्जा और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आमजन के साथ संवेदनशील,पारदर्शी एवं उत्तरदायी व्यवहार अपनाते हुए जनसेवा,जनसुरक्षा एवं जनविश्वास की भावना से कार्य करने का आह्वान किया। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर,अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला,क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगांई,क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी तपेश कुमार,मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र खाती सहित जनपद के समस्त थाना प्रभारी मौजूद रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...