
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में रविवार का दिन विकास,जनसंवाद और आस्था के अद्भुत संगम का साक्षी बना,जब प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का व्यापक भ्रमण कर विकास कार्यों का लोकार्पण किया,धार्मिक आयोजनों में सहभागिता निभाई तथा आमजन और कर्मचारियों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का भरोसा दिलाया। पूरे दिन चले इस जनसंपर्क एवं विकास कार्यक्रम ने क्षेत्रवासियों में नई ऊर्जा और विश्वास का संचार किया। अपने भ्रमण के दौरान डॉ.रावत सबसे पहले ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी देवलगढ़ पहुंचे,जहां उन्होंने मां राजराजेश्वरी मंदिर के समीप सड़क से गुफा तक निर्मित पहुंच मार्ग एवं सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। लगभग 28.89 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए इस कार्य से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा धार्मिक पर्यटन को नई गति प्राप्त होगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने गौरा देवी मंदिर समूह परिसर में लगभग 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्रतिधारक दीवार का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल प्राकृतिक सौंदर्य की भूमि ही नहीं,बल्कि आस्था और संस्कृति का केंद्र भी है। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण,सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है,जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिले। देवलगढ़ में आयोजित अखण्ड महायज्ञ में शामिल होकर डॉ.रावत ने विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि,शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा,सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त बनाने का कार्य करते हैं। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने श्रीकोट क्षेत्र में प्रस्तावित नवीन पशु चिकित्सालय भवन के लिए चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा भवन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से किसानों एवं पशुपालकों को सीधा लाभ मिलेगा। राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के क्रम में डॉ.रावत ने श्रीनगर मंडल के बूथ संख्या-121 पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात का श्रवण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार देशवासियों को जनभागीदारी,पर्यावरण संरक्षण,नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित करते हैं तथा राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाते हैं। दिनभर के कार्यक्रमों के क्रम में चौरास स्थित अतिथि गृह में आयोजित बैठक के दौरान डॉ.रावत ने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कर्मचारियों से विस्तारपूर्वक संवाद किया। कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को मंत्री के समक्ष रखा,जिन पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कर्मचारियों की मांग पर उन्होंने सामुदायिक भवन के विस्तार के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। डॉ.रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। धार्मिक विरासत के संरक्षण,शिक्षा,स्वास्थ्य,सड़क,पर्यटन और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास योजनाओं को धरातल पर उतारना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक है जब उसका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से सरकार जनसंवाद,जनसुनवाई और क्षेत्रीय भ्रमण के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान करने का निरंतर प्रयास कर रही है। इस अवसर पर मां राजराजेश्वरी मंदिर के मुख्य पुजारी कुंजिका प्रसाद उनियाल,गौरा देवी मंदिर समिति के अध्यक्ष जे.पी.काला,कार्यकारी अध्यक्ष मंगल सिंह,प्रचार मंत्री सुधीर बहुगुणा,ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी,महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमिला भंडारी,पार्षद गुड्डी गैरोला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,भाजपा कार्यकर्ता,श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।