
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे पुलिस अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। श्रीनगर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान स्कूटर से अवैध अंग्रेजी शराब की खेप ले जा रहे एक तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद करने के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त स्कूटर को भी जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपदभर में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 22 जुलाई 2026 को श्रीनगर कोतवाली पुलिस ने एनआईटी सुमाड़ी के समीप वाहनों की नियमित जांच के दौरान एक संदिग्ध स्कूटर चालक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटर से एक पेटी और दो बोतल अंग्रेजी शराब तथा मैकडॉवेल्स नंबर-1 ब्रांड के कुल 52 पव्वे बरामद हुए। पूछताछ में चालक शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मुकेश कैंथोला निवासी श्रीनगर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेते हुए तस्करी में प्रयुक्त स्कूटर को भी सीज कर दिया। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध कोतवाली श्रीनगर में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अवैध शराब,मादक पदार्थों की तस्करी तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पौड़ी पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण,बिक्री अथवा तस्करी की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें,ताकि समाज में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और युवाओं को इस बुराई से बचाया जा सके।