हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र सशस्त्र सीमा बल एसएसबी श्रीनगर गढ़वाल के लिए शनिवार का दिन गौरव,सम्मान और उपलब्धि का ऐतिहासिक अवसर बन गया। देश की सबसे चुनौतीपूर्ण आतंकवाद विरोधी प्रतियोगिताओं में शुमार 49 वें संयुक्त आतंकवाद निरोधक अभ्यास में एसएसबी के प्रशिक्षु कमांडो दल ने अपने अदम्य साहस,अनुशासन,उत्कृष्ट प्रशिक्षण और अद्वितीय कौशल का परिचय देते हुए देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्तराखंड सहित पूरे सशस्त्र सीमा बल का मान बढ़ाया। यह प्रतिष्ठित अभ्यास 15 जून से 27 जून 2026 तक राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी),मानेसर में आयोजित किया गया,जिसमें विभिन्न सुरक्षा बलों की कुल 9 कमांडो टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागी दलों की शारीरिक क्षमता,निशानेबाजी,शहरी क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियान संचालन,सामरिक दक्षता,कौशल परीक्षण तथा अन्य कठिन सैन्य चुनौतियों के आधार पर व्यापक मूल्यांकन किया गया। इन सभी प्रतिस्पर्धाओं में सशस्त्र सीमा बल की 18 सदस्यीय सर्वांगीण कमांडो प्रशिक्षण टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी प्रतिद्वंद्वी टीमों को पीछे छोड़ प्रथम स्थान अपने नाम किया। इस विजेता दल का नेतृत्व सहायक कमांडेंट अमन खरब ने किया। इस उपलब्धि को और भी विशेष इसलिए माना जा रहा है क्योंकि विजेता कमांडो दल वर्तमान में केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र श्रीनगर गढ़वाल में उप महानिरीक्षक सुभाष चंद नेगी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कठोर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है। प्रशिक्षण केंद्र में दी जा रही उच्चस्तरीय सैन्य तैयारियों,अनुशासित वातावरण तथा आधुनिक प्रशिक्षण प्रणाली का ही परिणाम है कि एसएसबी के जवानों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। यह सफलता केवल एक प्रतियोगिता में विजय नहीं,बल्कि सशस्त्र सीमा बल के उत्कृष्ट प्रशिक्षण,अटूट अनुशासन,समर्पण,साहस और राष्ट्र सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है। इस शानदार उपलब्धि से केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र श्रीनगर गढ़वाल का गौरव राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक बढ़ा है तथा पूरे उत्तराखंड को इस उपलब्धि पर गर्व है।