
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर गढ़वाल ने एक बार फिर वैश्विक स्तर पर अपनी शैक्षणिक एवं शोध उत्कृष्टता का परचम लहराया है। विश्वविद्यालय के जैव रसायन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ.मनीषा निगम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित साईरैंक ग्लोबल रजिस्ट्री 2025 में विश्व के शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों में स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है,बल्कि पूरे उत्तराखंड राज्य के लिए भी अत्यंत सम्मानजनक क्षण बन गई है। डॉ.मनीषा निगम को यह वैश्विक सम्मान उनके उत्कृष्ट शोध कार्यों,वैज्ञानिक प्रकाशनों तथा जैव रसायन एवं स्वास्थ्य विज्ञान के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे उल्लेखनीय योगदान के आधार पर प्रदान किया गया है। यह सम्मान वैज्ञानिकों के शोध प्रभाव,अनुसंधान गुणवत्ता,प्रकाशित शोध पत्रों तथा वैश्विक स्तर पर उनके अकादमिक योगदान के बिब्लियोमेट्रिक विश्लेषण के आधार पर दिया जाता है। डॉ.निगम ने अपने शोध कार्यों के माध्यम से स्वास्थ्य विज्ञान एवं जैव रसायन के क्षेत्र में नई संभावनाओं को दिशा देने का कार्य किया है। उनके शोध न केवल अकादमिक जगत में सराहे गए हैं,बल्कि समाजोपयोगी वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण माने जाते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर शोध एवं नवाचार की दिशा में उनकी प्रतिबद्धता युवा शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का वातावरण है। कुलपति,शिक्षकों,शोधार्थियों एवं कर्मचारियों ने डॉ.मनीषा निगम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए इसे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों में एक स्वर्णिम अध्याय बताया है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि डॉ.निगम की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के शोधार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान की ओर प्रेरित करेगी तथा गढ़वाल विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और अधिक मजबूत बनाएगी। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य से विश्व स्तर पर वैज्ञानिक उत्कृष्टता का यह सम्मान प्राप्त होना प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा दोनों का विषय है।