चारधाम यात्रा ड्यूटी पड़ते ही बेस अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर का इस्तीफा-स्वास्थ्य महकमे में मची हलचल

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए डॉक्टरों की तैनाती के बीच श्रीनगर स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं बेस

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए डॉक्टरों की तैनाती के बीच श्रीनगर स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं बेस अस्पताल से एक बड़ी खबर सामने आई है। अस्पताल के रेस्पिरेट्री मेडिसिन विभाग के एचओडी और वरिष्ठ फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ.विक्की बख्शी ने चारधाम यात्रा ड्यूटी लगाए जाने के बाद अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इस घटनाक्रम के बाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल प्रशासन में हलचल तेज हो गई है। डॉ.विक्की बख्शी लंबे समय से बेस अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे थे और विशेष रूप से श्वास एवं फेफड़ों से संबंधित बीमारियों के उपचार में उनकी अलग पहचान बन चुकी थी। श्रीनगर ही नहीं बल्कि आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में मरीज उनके पास उपचार के लिए पहुंचते थे। मरीजों के बीच उनकी लोकप्रियता और अनुभव को देखते हुए उनके अचानक इस्तीफे ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार शासन स्तर से चारधाम यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की तैनाती की जा रही है। इसी क्रम में डॉ.विक्की बख्शी की भी यात्रा ड्यूटी लगाई गई थी। लेकिन ड्यूटी आदेश जारी होने के बाद उन्होंने अपनी नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रशासन को त्यागपत्र सौंप दिया। सूत्रों की मानें तो डॉ.बख्शी का मानना था कि बेस अस्पताल में पहले से ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी बनी हुई है और ऐसे में उनकी तैनाती यात्रा मार्ग पर किए जाने से अस्पताल में आने वाले गंभीर मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि इस संबंध में डॉ.बख्शी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस पूरे मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि चारधाम यात्रा राज्य की सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील व्यवस्थाओं में शामिल है,जहां लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की प्राथमिकता होती हैं। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप ही डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में सेवा देना केवल सरकारी दायित्व नहीं बल्कि मानवता और सेवा का भी बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा चारधाम यात्रा में तीर्थ यात्रियों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। नर सेवा ही नारायण सेवा की भावना से सभी चिकित्सकों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। प्राचार्य ने पुष्टि करते हुए बताया कि डॉ.विक्की बख्शी ने अपना इस्तीफा दे दिया है और अब रिक्त पद पर जल्द नई नियुक्ति के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू की जाएगी,ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय लोगों और मरीजों के बीच भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। एक ओर जहां चारधाम यात्रा को लेकर सरकार स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुटी है,वहीं दूसरी ओर विशेषज्ञ डॉक्टर के इस्तीफे ने बेस अस्पताल की व्यवस्थाओं और डॉक्टरों की उपलब्धता को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...