चारधाम यात्रा पर प्रशासन अलर्ट-एसडीएम श्रीनगर ने किया यात्रा मार्ग और पार्किंग स्थलों का निरीक्षण

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सहज बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ मैदान में सक्रिय दिखाई दे

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सहज बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ मैदान में सक्रिय दिखाई दे रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में उपजिलाधिकारी श्रीनगर ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम के साथ सिरोबगड़ से लेकर एनआईटी मैदान तक यात्रा मार्गों,पार्किंग स्थलों और मूलभूत व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने सिरोबगड़,धारी देवी मंदिर,फरासू,स्वीत,पॉलिटेक्निक हॉल,आवास विकास मैदान तथा एनआईटी मैदान सहित विभिन्न संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने यात्रा मार्गों की स्थिति,यातायात संचालन,सुरक्षा इंतजाम,पार्किंग प्रबंधन तथा तीर्थयात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया। सिरोबगड़ क्षेत्र में एसडीएम ने विशेष रूप से सड़क सुरक्षा,संवेदनशील मोड़ों,यातायात संचालन और आपदा की स्थिति में त्वरित राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं धारी देवी मंदिर और फरासू क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल,स्वच्छता,सार्वजनिक शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की जांच करते हुए संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। स्वीत क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को यात्रियों के प्रति संवेदनशील और सतर्क रहने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और प्रतिष्ठा से जुड़ी हुई है,इसलिए व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यात्रा सीजन में लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव को देखते हुए प्रशासन ने चिन्हित पार्किंग स्थलों का भी गहन निरीक्षण किया। पॉलिटेक्निक हॉल,आवास विकास मैदान और एनआईटी मैदान में पार्किंग क्षमता,वाहनों की आवाजाही,सुरक्षा व्यवस्था तथा ट्रैफिक संचालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही पार्किंग स्थलों पर नियमित पानी के छिड़काव,धूल नियंत्रण और रात्रिकालीन व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पर्याप्त पथ प्रकाश सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। एसडीएम श्रीनगर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यात्रा मार्ग,पार्किंग,स्वच्छता,यातायात या अन्य व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन की सक्रियता और लगातार हो रहे निरीक्षणों से यह साफ संकेत मिल रहा है कि इस बार चारधाम यात्रा को व्यवस्थित,सुरक्षित और श्रद्धालु हितैषी बनाने के लिए शासन-प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर,तहसीलदार दीपक भंडारी,थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...