चारधाम यात्रा बनी श्रीनगर की आर्थिक संजीवनी-यात्रियों के ठहराव से होटल कारोबारियों के चेहरे खिले

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को रात्रि विश्राम हेतु श्रीनगर में रोके जाने की प्रशासनिक व्यवस्था स्थानीय व्यापारियों और होटल व्यवसायियों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को रात्रि विश्राम हेतु श्रीनगर में रोके जाने की प्रशासनिक व्यवस्था स्थानीय व्यापारियों और होटल व्यवसायियों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। लंबे समय से मंदी और घटते व्यापार से जूझ रहे होटल कारोबारियों के चेहरों पर अब उम्मीद की नई किरण दिखाई देने लगी है। इसी क्रम में होटल एसोसिएशन श्रीनगर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर मेयर आरती भण्डारी का आभार व्यक्त किया तथा इस पहल को शहर की आर्थिकी के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। होटल व्यवसायियों ने कहा कि पिछले कई वर्षों से चारधाम यात्रा के दौरान अधिकांश यात्री श्रीनगर में बिना रुके सीधे आगे की ओर रवाना हो जाते थे,जिससे स्थानीय होटल,रेस्टोरेंट,टैक्सी संचालक,छोटे दुकानदार और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान आर्थिक संकट से जूझ रहे थे। यात्रा सीजन होने के बावजूद बाजारों में अपेक्षित चहल-पहल दिखाई नहीं देती थी। लेकिन इस बार प्रशासन द्वारा यात्रियों के सुरक्षित और व्यवस्थित रात्रि ठहराव की व्यवस्था किए जाने से शहर में फिर से व्यापारिक गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। व्यापारियों ने कहा कि होटल व्यवसाय केवल कमरों तक सीमित नहीं होता,बल्कि इससे शहर की पूरी अर्थव्यवस्था जुड़ी होती है। यात्रियों के ठहरने से स्थानीय बाजारों में खरीदारी बढ़ती है,भोजनालयों में भीड़ बढ़ती है और छोटे व्यापारियों को भी सीधा लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद श्रीनगर के बाजारों में फिर से रौनक लौटती दिखाई दे रही है,जिससे स्थानीय व्यापारियों में उत्साह का माहौल है। होटल एसोसिएशन के सदस्यों ने विशेष रूप से मेयर आरती भण्डारी की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा उपजिलाधिकारी नुपुर वर्मा को दिए गए सुझावों और प्रशासनिक स्तर पर हुए समन्वय के बाद यह व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू हो सकी है। व्यापारियों का मानना है कि यदि भविष्य में भी इसी प्रकार की योजनाबद्ध व्यवस्था जारी रहती है तो श्रीनगर एक बार फिर चारधाम यात्रा का प्रमुख एवं व्यवस्थित पड़ाव बन सकता है। बैठक के दौरान होटल कारोबारियों ने शहर में पार्किंग व्यवस्था,यातायात नियंत्रण,सफाई व्यवस्था,सड़क किनारे अतिक्रमण और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर में सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है,ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके और स्थानीय व्यापार को भी स्थायी मजबूती मिल पाए। मेयर आरती भण्डारी ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगर निगम शहर को स्वच्छ,व्यवस्थित और यात्रियों के अनुकूल बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर केवल एक पड़ाव नहीं बल्कि ऐतिहासिक,धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर है,जिसकी पहचान चारधाम यात्रा से भी गहराई से जुड़ी हुई है। यात्रियों की सुरक्षा,बेहतर यातायात व्यवस्था और स्थानीय व्यापार को सशक्त बनाने के लिए प्रशासन और नगर निगम समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा तथा शहर को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के प्रयास जारी रहेंगे। इस अवसर पर होटल एसोसिएशन श्रीनगर के अध्यक्ष अप्पल रतूड़ी,संरक्षक नरेश नौटियाल,विक्रम पंवार,प्रकाश उनियाल,राजेश पोस्ती,संजय पिमोली सहित बड़ी संख्या में होटल व्यवसायी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...