
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। देशभर में लगातार बढ़ रही चीनी की कीमतों को लेकर आम जनता की चिंता अब खुलकर सामने आने लगी है। घरेलू बजट पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ को देखते हुए श्रीनगर गढ़वाल निवासी समाजसेवी पृथ्वी सिंह बिष्ट ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर चीनी की बढ़ती कीमतों पर तत्काल नियंत्रण एवं आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है। प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में समाजसेवी पृथ्वी सिंह बिष्ट ने कहा कि देश में चीनी की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है। विशेष रूप से गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए रोजमर्रा के उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतें चिंता का विषय बनती जा रही हैं। उन्होंने पत्र के माध्यम से प्रधानमंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि महंगाई का सीधा असर आम परिवारों की रसोई के बजट पर पड़ता है। सीमित आय में परिवार चलाने वाले लोगों के लिए खाद्य एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में होने वाली प्रत्येक वृद्धि आर्थिक परेशानी को और बढ़ा देती है। समाजसेवी ने चीनी की कीमतों में हो रही वृद्धि की जांच कराने की मांग करते हुए जमाखोरी,कालाबाजारी तथा अनावश्यक रूप से मूल्य बढ़ाने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि यदि बाजार में कृत्रिम रूप से कीमतें बढ़ाने,जमाखोरी अथवा कालाबाजारी जैसी गतिविधियां हो रही हैं तो संबंधित लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। पत्र में यह भी मांग की गई है कि सरकार आम जनता को उचित एवं नियंत्रित दर पर चीनी उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए,ताकि महंगाई की मार झेल रहे गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को कुछ राहत मिल सके। पृथ्वी सिंह बिष्ट ने प्रधानमंत्री से जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की अपेक्षा जताई है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से बाजार की स्थिति की निगरानी और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए समय रहते कदम उठाया जाना जरूरी है। समाजसेवी ने अपने पत्र के अंत में प्रधानमंत्री से जनहित में आवश्यक एवं कठोर कार्रवाई करने की अपील करते हुए उम्मीद जताई कि आम जनता की परेशानी को देखते हुए केंद्र सरकार इस मामले में शीघ्र सकारात्मक कदम उठाएगी।