
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा की राह आसान बनाने वाली छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ लेने का समय अब तेजी से निकल रहा है। शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए समाज कल्याण एवं जनजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित ऑनलाइन पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं में आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित है। ऐसे में पात्र छात्र-छात्राएं अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर समय रहते अपना ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें। जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से पहले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) करना अनिवार्य है। ओटीआर नंबर प्राप्त करने के बाद विद्यार्थी उसी के माध्यम से पोर्टल पर लॉगिन कर ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकेंगे तथा आवश्यक अभिलेख पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। ओटीआर एवं आधार सीडिंग प्रक्रिया से संबंधित मार्गदर्शी वीडियो विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे लाभार्थी विद्यार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इसके लिए बैंक खाता आधार से लिंक होना आवश्यक है। साथ ही छात्रवृत्ति की धनराशि प्राप्त होने तक संबंधित बैंक खाता सक्रिय रखना भी जरूरी है। विद्यार्थियों को आवेदन करते समय अपनी श्रेणी एवं संबंधित छात्रवृत्ति योजना का सही चयन करने की सलाह दी गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों से भी अपील की है कि वे पात्र विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करें और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि में अब कम समय शेष है,इसलिए विद्यार्थी और संस्थान आवेदन तथा सत्यापन की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा देरी न करें। छात्रवृत्ति आवेदन से संबंधित तकनीकी सहायता के लिए आईटी सेल,समाज कल्याण विभाग उत्तराखण्ड के टोल फ्री नंबर 18001804236 एवं मोबाइल नंबर-6395221188 पर संपर्क किया जा सकता है। आवेदन एवं अन्य आवश्यक जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की कि 30 सितंबर 2026 की अंतिम तिथि से पूर्व ओटीआर पंजीकरण और छात्रवृत्ति आवेदन की पूरी प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लें,ताकि पात्र विद्यार्थी महत्वपूर्ण छात्रवृत्ति लाभ से वंचित न रहें।