छात्र हित सर्वोपरि-गढ़वाल विश्वविद्यालय ने पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित प्रवेश प्रक्रिया की तैयारियां की तेज

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी,व्यवस्थित एवं छात्र हितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी,व्यवस्थित एवं छात्र हितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के छात्र अधिष्ठाता कल्याण प्रो.ओ.पी.गुसाईं की अध्यक्षता में प्रवेश प्रक्रिया एवं उससे जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर प्रवेश बोर्ड के सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रवेश प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की विस्तृत समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो,इसके लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि स्नातकोत्तर (परास्नातक) पाठ्यक्रमों में प्रवेश विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा के माध्यम से तथा स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा के प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा। साथ ही संपूर्ण प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध,निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया। छात्र अधिष्ठाता कल्याण प्रो.ओ.पी.गुसाईं ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्राथमिकता विद्यार्थियों को सरल,सुगम और सुविधाजनक प्रवेश व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों को निर्देश दिए कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान आने वाले प्रत्येक विद्यार्थी और अभिभावक को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग सहज रूप से उपलब्ध कराया जाए,जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में प्रवेश समिति की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके साथ ही परिसर में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सुविधा के लिए सहायता केंद्र,मार्गदर्शन काउंटर,बैठने की समुचित व्यवस्था,शुद्ध पेयजल,चिकित्सा सहायता,स्वच्छ शौचालय,दिशा-सूचक संकेतक तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह छात्र-केंद्रित बनाने पर भी सहमति बनी। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि प्रवेश प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता,जवाबदेही एवं दक्षता सुनिश्चित की जाए,ताकि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गरिमा के अनुरूप विद्यार्थियों को उत्कृष्ट सेवाएं प्राप्त हो सकें। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि समन्वित प्रयासों से इस वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया पूर्व वर्षों की अपेक्षा अधिक सुव्यवस्थित,प्रभावी एवं छात्र हितैषी सिद्ध होगी। बैठक में प्रो.अतुल ध्यानी,डॉ.नितिन सती,डॉ.घनश्याम ठाकुर,डॉ.कपिल पंवार,डॉ.नेहा मर्तोलिया,डॉ.नरिन्दर,डॉ.अनुराही,डॉ.ओम प्रकाश,डॉ.विवेक शर्मा,डॉ.गौरव भट्ट तथा डॉ.विनेश भाटिया सहित प्रवेश बोर्ड के सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने प्रवेश प्रक्रिया को सफल एवं सुचारु बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा विद्यार्थियों के हित में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...