
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। जनता के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय सरोकारों का परिचय देते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल तथा उच्च शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत सोमवार को बेस चिकित्सालय श्रीनगर पहुंचे। उन्होंने गुलदार के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई महिला का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मंत्रियों ने अस्पताल में भर्ती ओणी गांव निवासी विनीता देवी से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। बताया गया कि विनीता देवी पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया था,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया गया,जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और डॉ.धन सिंह रावत ने महिला के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के बाद चिकित्सकों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी तथा सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। दोनों मंत्रियों ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। इस दौरान मंत्रियों ने अस्पताल में भर्ती दीपक उनियाल की माता से भी मुलाकात की। सीढ़ियों से गिरने के कारण घायल हुई महिला के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की प्रगति के बारे में विस्तार से चर्चा की। मंत्रियों ने घायल महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अस्पताल निरीक्षण के दौरान दोनों मंत्रियों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों को मरीजों की देखभाल में संवेदनशीलता बरतने तथा उपचार व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्रियों के अस्पताल पहुंचने से मरीजों और उनके परिजनों में भरोसा और उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने भी जनप्रतिनिधियों की इस पहल की सराहना करते हुए इसे संवेदनशील और जनहितकारी कदम बताया।