
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं तभी सार्थक होती हैं,जब उनका लाभ अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। इसी सोच को साकार करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित सेवा,सुशासन एवं समर्पण-जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड रिखणीखाल सभागार में मंगलवार को बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही परिसर में अपनी सेवाएं उपलब्ध कराते हुए सैकड़ों ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया तथा पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया। शिविर में कुल 467 लोगों ने प्रतिभाग कर सरकार की जनहितकारी सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष एवं लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भण्डारी (सेवानिवृत्त) ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया,लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ बिना किसी विलंब के पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि जनसेवा शिविर केवल औपचारिक आयोजन न बनें,बल्कि आमजन के जीवन में वास्तविक परिवर्तन का माध्यम सिद्ध हों। अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भण्डारी ने कहा कि जनसेवा शिविर शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर उभरे हैं। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को प्रमाणपत्र,पंजीकरण,सामाजिक सुरक्षा योजनाओं,विभागीय सेवाओं तथा अन्य जनकल्याणकारी सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर सरल,पारदर्शी और त्वरित रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि पहले छोटी-छोटी सरकारी सेवाओं के लिए लोगों को कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे,लेकिन अब जनसेवा शिविरों के माध्यम से अधिकांश सेवाएं गांव और क्षेत्र स्तर पर ही उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे आमजन के समय और धन दोनों की बचत हो रही है तथा प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी मौके पर ही प्रारंभ की गई। शिविर में 315 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित किया गया,जिससे क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रघुवीर सिंह भण्डारी ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे ऐसे जनसेवा शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के पात्र लोगों को भी इन शिविरों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करें,ताकि सरकार की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जा सके। शिविर में ब्लॉक प्रमुख रेनू रावत,ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप नेगी,विधायक प्रतिनिधि शालिनी बलोदी,दिनेश ध्यानी,गोवर्धन प्रसाद टम्टा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी,कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने जनसेवा शिविरों को ग्रामीण विकास और जनकल्याण की दिशा में प्रभावी पहल बताते हुए शासन की इस महत्वाकांक्षी पहल की सराहना की। जनसेवा शिविर ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जब प्रशासन जनता के द्वार पहुंचता है,तो विकास केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रहता,बल्कि लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का आधार बन जाता है।