जियो टावर चोरी का राजफाश-दस माह बाद शातिर चोर पुलिस के हत्थे चढ़ा

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। लगभग दस माह पुराने जियो टावर चोरी प्रकरण का आखिरकार खुलासा करते हुए पौड़ी पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। लगभग दस माह पुराने जियो टावर चोरी प्रकरण का आखिरकार खुलासा करते हुए पौड़ी पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों,मानवीय सूचनाओं और गहन विवेचना का सहारा लिया। लगातार की गई सुरागरसी और साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने चोरी के इस चर्चित मामले का पर्दाफाश कर दिया। जनपद में अपराध नियंत्रण,कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा राजस्व क्षेत्रों से नियमित पुलिस को हस्तांतरित पुराने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अगस्त 2025 को वादी सुंदर सिंह निवासी पौड़ी ने राजस्व पुलिस चौकी बनगढ़स्यूं में शिकायत दर्ज कराई थी कि क्षेत्र में स्थापित जियो टावर से अज्ञात व्यक्ति द्वारा महत्वपूर्ण पार्ट्स चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर राजस्व क्षेत्र पट्टी बनगढ़स्यूं में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मामले की विवेचना राजस्व पुलिस से नियमित पुलिस को हस्तांतरित कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर तथा क्षेत्राधिकारी सदर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत रावत के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर सूचनाएं जुटाईं और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखी। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे,जिनके आधार पर पुलिस धीरे-धीरे आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। लगातार अथक प्रयासों और सटीक पुलिस कार्रवाई के परिणामस्वरूप 10 जून 2026 को पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त नरोत्तम निवासी बरेली,उत्तर प्रदेश को खाण्डूसैंण क्षेत्र के निकट से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जियो टावर से चोरी किए गए उपकरणों और पार्ट्स को बेच देने की बात स्वीकार की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियुक्त से पूछताछ कर चोरी किए गए सामान की बिक्री और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय पौड़ी के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस की इस सफलता को क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और पुराने से पुराने मामलों का भी खुलासा कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। इस कार्रवाई से यह भी साबित हुआ है कि अपराध चाहे कितना भी पुराना क्यों न हो,पुलिस की सतर्कता,तकनीकी जांच और निरंतर प्रयासों के सामने अपराधी अधिक समय तक बच नहीं सकते।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...