डायलिसिस यूनिट में गूंजा कोड रेड-बेस अस्पताल की माॅक ड्रिल ने परखी आपदा से लड़ने की तैयारी

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल में शुक्रवार को डायलिसिस यूनिट में अग्नि आपातकाल (कोड रेड) को लेकर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अस्पताल प्रशासन द्वारा आयोजित इस

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल में शुक्रवार को डायलिसिस यूनिट में अग्नि आपातकाल (कोड रेड) को लेकर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अस्पताल प्रशासन द्वारा आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी संभावित अग्निकांड अथवा आपदा की स्थिति में स्वास्थ्य कर्मियों,सुरक्षा कर्मचारियों एवं नर्सिंग स्टाफ की तत्परता,समन्वय और आपदा प्रबंधन क्षमता को परखना था। मॉक ड्रिल के दौरान अस्पताल परिसर में अचानक आग लगने की काल्पनिक सूचना प्रसारित होते ही पूरे यूनिट में अलर्ट की स्थिति बन गई। सिक्योरिटी सुपरवाइजर वीरेंद्र कुंवर एवं राजेंद्र प्रसाद भट्ट ने वॉकी-टॉकी के माध्यम से तत्काल कोड रेड संदेश प्रसारित किया। सूचना मिलते ही डायलिसिस यूनिट के इंचार्ज मोहर सिंह ने अपनी टीम के साथ बिना घबराहट के त्वरित कार्रवाई करते हुए वार्ड में भर्ती मरीजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया। ड्रिल के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को किस प्रकार सुरक्षित निकाला जाए,ऑक्सीजन एवं अन्य जरूरी चिकित्सा उपकरणों का संचालन कैसे जारी रखा जाए तथा स्टाफ के बीच बेहतर समन्वय किस प्रकार स्थापित हो। अस्पताल कर्मियों ने पूरे अभ्यास को गंभीरता और अनुशासन के साथ संपन्न किया। सुरक्षा सुपरवाइजर ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल अस्पताल की आपदा प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे कर्मचारियों में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता विकसित होती है तथा मरीजों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के अभ्यास नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे ताकि किसी भी संकट की घड़ी में अस्पताल प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे। मॉक ड्रिल में मरीज की भूमिका उमेश भट्ट ने निभाई। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों,नर्सिंग स्टाफ एवं अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। ड्रिल के सफल आयोजन से अस्पताल प्रशासन की सजगता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...