डिजिटल यूथ महोत्सव में पौड़ी के युवाओं का जलवा-डीएम ने प्रतिभाओं को किया सम्मानित

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड की देवभूमि केवल अपनी धार्मिक,सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत के लिए ही नहीं,बल्कि युवा प्रतिभाओं की ऊर्जा,रचनात्मकता और हुनर के लिए भी अपनी अलग पहचान रखती है।

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड की देवभूमि केवल अपनी धार्मिक,सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत के लिए ही नहीं,बल्कि युवा प्रतिभाओं की ऊर्जा,रचनात्मकता और हुनर के लिए भी अपनी अलग पहचान रखती है। इसी प्रतिभा को डिजिटल मंच प्रदान करने वाले डिजिटल यूथ महोत्सव-2026 में पौड़ी जनपद के युवाओं ने फिटनेस और सांस्कृतिक विधाओं में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने जिला कार्यालय में मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने युवाओं की प्रतिभा,रचनात्मकता और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में डिजिटल मंच युवाओं के हुनर को व्यापक पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाते हुए खेल,संस्कृति,नवाचार और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित डिजिटल यूथ महोत्सव-2026 में जनपद के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम,द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्रदान किया गया। विजेताओं को क्रमश-5000 रुपए,3000 रुपए एवं 2000 रुपए की पुरस्कार राशि भी प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से प्रदान की गई। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि डिजिटल यूथ महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल मंच के माध्यम से खेल,फिटनेस,संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि द्वितीय,तृतीय एवं चतुर्थ सप्ताह में आयोजित फिटनेस एवं सांस्कृतिक चैलेंज की विभिन्न विधाओं में जनपद के युवाओं ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। द्वितीय सप्ताह के फिटनेस चैलेंज में पुश-अप्स/स्क्वाट चैलेंज में थलीसैंण की जुबिन नौटियाल ने प्रथम,द्वारीखाल के अक्षत ने द्वितीय तथा पौड़ी के सार्थक बडोला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सांस्कृतिक चैलेंज माई उत्तराखण्ड माई प्राइड में पोखड़ा की अंजू रावल प्रथम,जयहरीखाल की वांशिका नेगी द्वितीय तथा पोखड़ा की तनुज रावत तृतीय स्थान पर रहीं। तृतीय सप्ताह के फिटनेस चैलेंज में स्किपिंग विधा में यमकेश्वर के अरमान कुमार ने प्रथम,यमकेश्वर की गौरी ने द्वितीय तथा यमकेश्वर के साहिल ने तृतीय स्थान हासिल किया। सांस्कृतिक चैलेंज युवा कोरियोग्राफी में पौड़ी की मानसी नेगी प्रथम,खिर्सू के विकास चंद्र द्वितीय तथा पौड़ी की तनुजा तृतीय स्थान पर रहीं। इसी प्रकार चतुर्थ सप्ताह के फिटनेस चैलेंज में फिंगर फिनाले विधा में पाबों की मुस्कान नेगी ने प्रथम,द्वारीखाल के अक्षत ने द्वितीय तथा यमकेश्वर के हिमांशु रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक चैलेंज वन मिनट वन स्किल में द्वारीखाल के आयुष सिंह प्रथम,यमकेश्वर के अंकित द्वितीय तथा यमकेश्वर के सचिन सिंह तृतीय स्थान पर रहे। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने सभी विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जनपद के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच,अवसर और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास,अनुशासन,स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और रचनात्मक सोच को और मजबूत करेंगे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...