
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। जब समाज स्वच्छता को अपना संस्कार और पर्यावरण संरक्षण को अपना दायित्व बना लेता है,तब विकास की राह और भी सुगम हो जाती है। स्वच्छ वातावरण न केवल स्वस्थ जीवन का आधार है,बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की नींव भी है। इसी सोच को साकार करने के उद्देश्य से स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत श्रीनगर में एक प्रेरणादायक अभियान आयोजित किया गया। 5 जून से 21 जून तक देशभर में मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत शंकर मठ स्थित बूथ संख्या-97 में कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के नेतृत्व तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल के संयोजन में विशेष स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों,कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और समाज को यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं,बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक व्यक्ति अपने घर,मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति सजग रहेगा। अभियान के दौरान पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। डॉ.रावत ने पौधे रोपते हुए पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं बढ़ाते,बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व के लिए भी अनिवार्य हैं। स्वच्छ और हरित वातावरण ही स्वस्थ समाज का निर्माण करता है। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता,पर्यावरण संरक्षण तथा जनभागीदारी के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित करे तो देश की तस्वीर बदल सकती है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,बूथ अध्यक्ष प्रकाश सती,विजयलक्ष्मी,सुरेन्द्र सिंह नेगी,सूर्य प्रकाश नौटियाल,झाबर सिंह,जगमोहन नेगी,आशीष,अतुल,हरि सिंह बिष्ट,दिनेश,विपिन थपलियाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया तथा लोगों से अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाने और अधिकाधिक पौधे लगाने की अपील की। बदलेंगे आदत,बदलेंगे विचार,स्वच्छ और सुंदर होगा देश इस बार।