ताड़केश्वर की वादियों में गूंजा योग का मंत्र-हरित योग से जुड़ा स्वास्थ्य,अध्यात्म और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आस्था,अध्यात्म और प्रकृति के अद्भुत संगम स्थल ताड़केश्वर महादेव धाम में बुधवार को योग और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश गूंज उठा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आस्था,अध्यात्म और प्रकृति के अद्भुत संगम स्थल ताड़केश्वर महादेव धाम में बुधवार को योग और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश गूंज उठा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित हरित योग कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर,शांत मन और सुरक्षित पर्यावरण ही समृद्ध समाज की आधारशिला हैं। देवदार के घने वनों और प्राकृतिक सौंदर्य से आच्छादित ताड़केश्वर धाम में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने योगाभ्यास कर स्वयं को प्रकृति के और अधिक निकट महसूस किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में योग को केवल शारीरिक व्यायाम नहीं,बल्कि जीवन को संतुलित और सकारात्मक दिशा देने वाली जीवनशैली के रूप में प्रस्तुत किया गया। योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन,प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा उनके वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद पौड़ी गढ़वाल में इस वर्ष योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर अभियान संचालित किया जा रहा है। योग शिविर,हरित योग,योग पार्क कार्यक्रम,सामूहिक योगाभ्यास,लाइव स्ट्रीमिंग और रन फॉर योग जैसे विविध आयोजनों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को योग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल योगाभ्यास कराना नहीं,बल्कि लोगों में स्वस्थ,निरोग और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता पैदा करना भी है। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ.शैलेन्द्र पांडेय ने बताया कि आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद में योग को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 20 मई से 10 जून तक जनपद मुख्यालय के विभिन्न राजकीय कार्यालयों में विशेष योग जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नमस्ते योग ऐप और योग ब्रेक ऐप के माध्यम से नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है तथा योग के वैज्ञानिक लाभों की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश स्थित यूजेवीएन लिमिटेड के बैराज पार्क में 25 मई से 5 जून तक 12 दिवसीय योग पार्क कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है,जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक,युवा,महिलाएं और वरिष्ठजन उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान योगाभ्यास के साथ पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं,जिससे लोगों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके। डॉ.पांडेय ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है,जो शरीर,मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम है। वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग तनावमुक्त,स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने की सबसे प्रभावी पद्धति बनकर उभरा है। यही कारण है कि आज विश्व के अनेक देशों में योग को अपनाया जा रहा है। जनपद के विभिन्न विकासखंडों,शैक्षणिक संस्थानों,सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक योग संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन लगातार जारी रहेगा। इन आयोजनों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को योग से जोड़ने और स्वस्थ उत्तराखंड,स्वस्थ भारत के संकल्प को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है। ताड़केश्वर धाम में आयोजित हरित योग कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जब योग,अध्यात्म और प्रकृति का संगम होता है,तब केवल व्यक्ति ही नहीं,पूरा समाज स्वस्थ,जागरूक और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ता है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...