
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
देवप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी के निरंतर प्रयासों से मंजाकोट-बंदासा-गलिया मोटर मार्ग (स्टेज-1 एवं स्टेज-2) तथा पंचवर्षीय अनुरक्षण कार्य का विधिवत शिलान्यास संपन्न हुआ। कुल 6.500 किलोमीटर लंबाई वाले इस महत्वपूर्ण मोटर मार्ग के निर्माण एवं अनुरक्षण के लिए 792.34 लाख रुपये (लगभग 7.92 करोड़ रुपये) की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस विकास कार्य के शिलान्यास अवसर पर क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से बेहतर सड़क सुविधा की उम्मीद लगाए बैठे ग्रामीणों के लिए यह अवसर किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। सड़क निर्माण की यह पहल न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी,बल्कि क्षेत्र के सामाजिक,आर्थिक और शैक्षिक विकास को भी नई दिशा प्रदान करेगी। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। ग्रामीणों का मानना है कि बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होने से गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से मजबूत होगा तथा विद्यार्थियों,किसानों,बुजुर्गों और मरीजों को आवागमन में विशेष सुविधा मिलेगी। साथ ही स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में भी यह मार्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विधायक विनोद कंडारी ने देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सड़क,शिक्षा,स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी है। मंजाकोट-बंदासा-गलिया मोटर मार्ग का शिलान्यास इसी विकासोन्मुखी सोच और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के प्रति प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण है। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र कुंवर,मंडल अध्यक्ष कुलदीप रावत,ग्राम प्रधान मंजू राणा,ज्येष्ठ प्रमुख जगत नारायण रतूड़ी,समस्त क्षेत्र पंचायत सदस्य,ग्राम प्रधानगण,भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता,मातृशक्ति,युवा शक्ति तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। निश्चित रूप से यह मोटर मार्ग क्षेत्रवासियों के वर्षों पुराने सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। विकास की इस सौगात के लिए विधायक विनोद कंडारी का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।