देवभूमि की बेटी अनुभा वशिष्ठ का स्वर्णिम सफर-मिस यूनिवर्स इंडिया में गूंजेगा उत्तराखण्ड का गौरव

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड की प्रतिभाशाली बेटी अनुभा वशिष्ठ ने अपनी मेहनत,आत्मविश्वास और अदम्य संकल्प के बल पर पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। जनपद रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि विकासखंड

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड की प्रतिभाशाली बेटी अनुभा वशिष्ठ ने अपनी मेहनत,आत्मविश्वास और अदम्य संकल्प के बल पर पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। जनपद रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि विकासखंड के मकाउती गांव की रहने वाली अनुभा वशिष्ठ को मिस यूनिवर्स उत्तराखंड-2026 का खिताब जीतने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। अब अनुभा वशिष्ठ ग्लैमआनंद संगठन के तत्वावधान में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह विश्व की सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिताओं में से एक मानी जाती है,जहां देशभर की प्रतिभाशाली प्रतिभागी अपनी योग्यता,व्यक्तित्व,संस्कृति और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करती हैं। अनुभा वशिष्ठ केवल एक सफल मॉडल ही नहीं,बल्कि एक पेशेवर श्रृंगार प्रशिक्षक होने के साथ-साथ भारतीय कला,संस्कृति और लोक परंपराओं की सशक्त संवाहक भी हैं। उनकी सफलता की यह यात्रा संघर्ष,अनुशासन और अथक परिश्रम की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने वर्ष 2024 में पहली बार मिस यूनिवर्स इंडिया प्रतियोगिता में भाग लिया था,जहां वह देश की शीर्ष 20 प्रतिभागियों में स्थान बनाने में सफल रहीं। उस अनुभव को अपनी शक्ति बनाते हुए उन्होंने लगातार स्वयं को निखारा और अंततः मिस यूनिवर्स उत्तराखंड-2026 का ताज अपने नाम कर प्रदेश के लिए नया इतिहास रच दिया। सम्मान प्राप्त करने के बाद अनुभा वशिष्ठ ने भावुक होकर कहा कि अपने ही राज्य द्वारा सम्मानित होना उनके जीवन के सबसे गौरवपूर्ण क्षणों में से एक है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल ताज जीतना नहीं,बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति,लोक परंपराओं,आध्यात्मिक विरासत और नैतिक मूल्यों को राष्ट्रीय एवं भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंच पर पूरी गरिमा के साथ प्रस्तुत करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वह मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज उत्तराखंड के नाम करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगी। अनुभा ने कहा कि यदि उनकी यह यात्रा किसी एक भी बेटी को अपने सपनों के लिए निडर होकर आगे बढ़ने,कठिन परिश्रम करने और स्वयं पर विश्वास रखने की प्रेरणा देती है,तो यही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। उल्लेखनीय है कि अनुभा इससे पूर्व भी मिस इंडिया प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश का गौरव बढ़ा चुकी हैं। अनुभा वशिष्ठ एक शिक्षित एवं संस्कारित परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता प्रोफेसर यतीश वशिष्ठ शिक्षाविद हैं तथा उनकी माता भी प्राध्यापक हैं। परिवार से मिले संस्कार,शिक्षा और निरंतर प्रोत्साहन ने उनकी सफलता की इस यात्रा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस अवसर पर पर्वतीय विकास शोध केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ.अरविन्द दरमोड़ा ने कहा कि अनुभा वशिष्ठ की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं,बल्कि पूरे उत्तराखंड की बेटियों के लिए प्रेरणा का उज्ज्वल संदेश है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि पर्वतीय अंचलों की प्रतिभाएं अवसर मिलने पर राष्ट्रीय और वैश्विक मंचों पर भी अपनी अमिट पहचान बना सकती हैं। हमें विश्वास है कि अनुभा अपनी प्रतिभा,संस्कार और आत्मविश्वास से उत्तराखंड की सांस्कृतिक गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी तथा प्रदेश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी। अनुभा वशिष्ठ की इस उपलब्धि से पूरे रुद्रप्रयाग जनपद सहित उत्तराखंड में हर्ष और गौरव का वातावरण है। प्रदेशवासियों को उम्मीद है कि देवभूमि की यह होनहार बेटी राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर उत्तराखंड का नाम पूरे देश में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित करेगी।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...