
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वस्थ समाज की नींव केवल बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से नहीं,बल्कि संतुलित और पौष्टिक आहार से मजबूत होती है। इसी उद्देश्य के साथ जनपद पौड़ी गढ़वाल में पोषण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं में जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन के साथ लोगों को संतुलित आहार,पर्याप्त प्रोटीन और पोषण संबंधी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में दुगड्डा बाल विकास परियोजना के अंतर्गत पोषण जागरूकता रैली निकालकर पोषण माह का शुभारंभ किया गया। रैली में नगर निगम एवं ग्रामीण क्षेत्रों की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सेक्टर सुपरवाइजरों के साथ उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विभिन्न क्षेत्रों में निकाली गई रैली के दौरान चार्ट,पोस्टर और तख्तियों के माध्यम से पोषण माह की निर्धारित प्रमुख थीमों पर जन-जागरूकता संदेश प्रसारित किए गए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने लोगों को आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन,आंगनवाड़ी केंद्रों पर हॉट कुक्ड मील,सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न पोषण संबंधी विषयों की जानकारी दी। रैली के माध्यम से गर्भवती महिलाओं,धात्री माताओं,बच्चों,किशोरियों और आमजन को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व से अवगत कराया गया। लोगों से पोषण माह के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा पोषण को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान भी किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि पोषण माह के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता एवं जनसहभागिता से जुड़ी अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनका उद्देश्य समुदाय को पोषण के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ खान-पान और बेहतर पोषण व्यवहार को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि कुपोषण की चुनौती से निपटने के लिए केवल विभागीय प्रयास पर्याप्त नहीं हैं,बल्कि इसमें परिवार और समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। पोषण संबंधी सही जानकारी को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाकर स्वस्थ पीढ़ी के निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।