
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों को छूते हुए हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के औषधि विज्ञान विभाग के स्नातक अंतिम वर्ष के 16 विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं स्नातकोत्तर औषधि योग्यता परीक्षा (जीपैट) एवं स्नातकोत्तर अभियांत्रिकी अभिक्षमता परीक्षा (गेट) 2026 में सफलता प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। यह उल्लेखनीय उपलब्धि विद्यार्थियों की कठोर मेहनत,अनुशासन और समर्पण का परिणाम है,वहीं विभाग में उपलब्ध उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण,गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था और मार्गदर्शक शिक्षकों के निरंतर प्रयासों को भी दर्शाती है। कठिन प्रतिस्पर्धा वाली इन राष्ट्रीय परीक्षाओं में सफलता हासिल कर इन विद्यार्थियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद भी दृढ़ संकल्प और सही दिशा से बड़ी उपलब्धियां प्राप्त की जा सकती हैं। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो.अब्दुल फारुक ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विभाग की सुदृढ़ शैक्षणिक प्रणाली और विद्यार्थियों की प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विभाग निरंतर विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह एवं कुलसचिव प्रो.वाई.पी.रैवानी सहित विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो.अजय नामदेव,डॉ.विजयज्योति,डॉ.अजय सेमलटी,डॉ.लालतेंदु मोहंती,डॉ.नितिन सती,डॉ.भूपेंद्र कुमार एवं अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस सफलता को संस्थान की निरंतर बढ़ती शैक्षणिक गुणवत्ता और उत्कृष्टता का प्रतीक बताते हुए कहा कि गढ़वाल विश्वविद्यालय उत्तराखंड में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। यह उपलब्धि न केवल शैक्षणिक सफलता है,बल्कि यह संदेश भी देती है कि यदि सही मार्गदर्शन,कड़ी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति हो,तो पहाड़ के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकते हैं।