बहुउद्देशीय सहकारी समिति में 19 लाख रुपये के गबन का खुलासा,पूर्व सचिव गिरफ्तार

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। जनता की मेहनत की कमाई में सेंध लगाने वालों के खिलाफ पौड़ी पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। विश्वास और जिम्मेदारी के पद पर बैठकर

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। जनता की मेहनत की कमाई में सेंध लगाने वालों के खिलाफ पौड़ी पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। विश्वास और जिम्मेदारी के पद पर बैठकर सहकारी समिति के धन में कथित हेराफेरी करने वाले पूर्व सचिव को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। महीनों तक चली निष्पक्ष जांच,ठोस साक्ष्य संकलन और सटीक सूचना तंत्र के बल पर पुलिस ने लगभग 19 लाख रुपये के गबन के आरोपी को कानून के कटघरे तक पहुंचाने में सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 मार्च 2026 को सहायक विकास अधिकारी विकासखंड कोट संदीप सिंह द्वारा थाना देवप्रयाग में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बहुउद्देशीय सहकारी समिति लिमिटेड देवप्रयाग के तत्कालीन सचिव शैलेंद्र गैरोला ने अपने कार्यकाल के दौरान समिति के धन में वित्तीय अनियमितता करते हुए लाखों रुपये का गबन किया है। शिकायत के आधार पर थाना देवप्रयाग में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष,पारदर्शी और प्रभावी जांच के निर्देश दिए। उन्होंने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित करने के आदेश दिए, ताकि जनता के धन के दुरुपयोग के मामले में दोषी को जल्द न्याय के दायरे में लाया जा सके। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत सिंह रावत के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी,तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए तथा उसके आवागमन और गतिविधियों की गहन निगरानी की। पुलिस जांच में सामने आया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और विभिन्न स्थानों पर छिपकर रह रहा था। इसके बावजूद पुलिस ने धैर्य और रणनीति के साथ कार्य करते हुए विभिन्न स्थानों पर लगे बंद परिपथ दूरदर्शन (सीसीटीवी) कैमरों की रिकॉर्डिंग का गहन परीक्षण किया और सूचना तंत्र को सक्रिय रखा। लगातार प्रयासों और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 22 जुलाई 2026 को वांछित आरोपी शैलेंद्र गैरोला निवासी बडीयारगढ कीर्तिनगर को श्रीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने सहकारी समिति के लगभग 19 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता (गबन) किए जाने की बात स्वीकार की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनधन में गड़बड़ी,सरकारी अथवा सहकारी संस्थाओं के धन का दुरुपयोग तथा आर्थिक अपराध किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि जनता के धन में हेराफेरी करने वालों को कानून से बचने का कोई अवसर नहीं मिलेगा। पौड़ी पुलिस आर्थिक अपराधों के विरुद्ध पूरी गंभीरता,निष्पक्षता और दृढ़ता के साथ कार्रवाई कर रही है,ताकि आमजन का विश्वास कानून और प्रशासन पर और अधिक मजबूत हो सके।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...