बीएड स्पाॅट काउंसलिंग के पहले दिन बिड़ला परिसर में उमड़ा सैलाब-230 अभ्यर्थियों की उपस्थिति से दिखा प्रवेश का जबरदस्त उत्साह

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर स्थित शिक्षा विभाग में बीएड सत्र 2026-27 में प्रवेश को लेकर आयोजित स्पॉट काउंसलिंग के प्रथम दिन मंगलवार को

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर स्थित शिक्षा विभाग में बीएड सत्र 2026-27 में प्रवेश को लेकर आयोजित स्पॉट काउंसलिंग के प्रथम दिन मंगलवार को अभ्यर्थियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बिड़ला परिसर में बीएड में प्रवेश की उम्मीद लेकर पहुंचे अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की भारी भीड़ रही। परिसर में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर दिनभर चहल-पहल का माहौल बना रहा। शिक्षा विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 18 अगस्त को दोपहर दो बजे तक कुल 230 अभ्यर्थियों ने स्पॉट काउंसलिंग के लिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें विज्ञान और कला दोनों वर्गों के अभ्यर्थी शामिल रहे। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की उपस्थिति ने विश्वविद्यालय के बीएड कार्यक्रम के प्रति विद्यार्थियों की रुचि और भरोसे को भी रेखांकित किया। दोपहर दो बजे तक विज्ञान वर्ग में कुल 112 अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें 82 अनारक्षित,10 अन्य पिछड़ा वर्ग तथा 20 अनुसूचित जाति/जनजाति श्रेणी के अभ्यर्थी शामिल रहे। वहीं कला वर्ग में 118 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें 65 अनारक्षित,15 अन्य पिछड़ा वर्ग तथा 38 अनुसूचित जाति/जनजाति श्रेणी के अभ्यर्थी शामिल रहे। बिड़ला परिसर में बीएड प्रवेश के लिए विज्ञान वर्ग में 539 तथा कला वर्ग में 438 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। ऐसे में स्पॉट काउंसलिंग के पहले ही दिन 230 अभ्यर्थियों की उपस्थिति को प्रवेश प्रक्रिया के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो.अनिल कुमार नौटियाल ने कहा कि गढ़वाल विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था और बीएड कार्यक्रम की प्रतिष्ठा के कारण अभ्यर्थियों में प्रवेश को लेकर व्यापक उत्साह है। उन्होंने कहा कि काउंसलिंग प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी,निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है,ताकि प्रत्येक पात्र अभ्यर्थी को विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों के अनुरूप समान अवसर मिल सके। कार्यक्रम संयोजक डॉ.देवेंद्र सिंह ने बताया कि स्पॉट काउंसलिंग के पहले दिन दोपहर तक ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि प्राप्त उपस्थिति और निर्धारित प्रवेश मानकों के आधार पर श्रेणीवार मेरिट सूची तैयार की जा रही है। प्रवेश प्रक्रिया विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार ही आगे बढ़ाई जा रही है। काउंसलिंग प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने में प्रो.रमा मैखुरी,डॉ.रमेश राणा,डॉ.पुनीत वालिया,डॉ.अमर जीत सिंह परिहार,डॉ.शंकर सिंह परगाई,डॉ.सुमन लता तिरूआ,डॉ.नागेंद्र कुमार यादव,डॉ.अनु राही और डॉ.सपना सेन सहित शिक्षा विभाग के समस्त शोधार्थियों ने सक्रिय सहभागिता और सहयोग दिया। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन,उपस्थिति पंजीकरण,मेरिट निर्धारण तथा प्रवेश से संबंधित अन्य प्रक्रियाओं को क्रमबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा किया गया। विभाग की ओर से अभ्यर्थियों को प्रवेश संबंधी आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। बीएड स्पॉट काउंसलिंग के प्रथम दिन अभ्यर्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से स्पष्ट है कि शिक्षक बनने की दिशा में युवाओं की रुचि अभी भी मजबूत है। बिड़ला परिसर में उमड़ी भीड़ ने न केवल प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विद्यार्थियों की सक्रियता को सामने रखा,बल्कि गढ़वाल विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में बीएड कार्यक्रम के प्रति कायम आकर्षण की तस्वीर भी प्रस्तुत की।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...