
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने गुरुवार को बेस अस्पताल का व्यापक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इमरजेंसी वार्ड से लेकर विभिन्न विभागों के वार्डों तक पहुंचे प्राचार्य ने मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से व्यवस्थाओं को और अधिक व्यवस्थित,तकनीकी रूप से सुदृढ़ तथा जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डॉ.सयाना ने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज बेहतर उपचार,त्वरित सुविधा और मानवीय व्यवहार का अधिकारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देशन में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी,पारदर्शी और जनहितकारी बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। प्राचार्य ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को निर्देशित किया कि मरीजों के डिस्चार्ज संबंधी सभी कार्य वार्डों में उपलब्ध कंप्यूटर प्रणाली के माध्यम से ही किए जाएं,जिससे प्रक्रिया में तेजी आए और मरीजों को अनावश्यक इंतजार का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को डिजिटल माध्यम से जोड़ने का उद्देश्य मरीजों को सुगम और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि भर्ती मरीजों के जांच सैंपल वार्ड बॉय के माध्यम से सीधे लैब भेजे जाएं तथा जांच रिपोर्ट भी कंप्यूटर के जरिए संबंधित वार्ड में उपलब्ध कराई जाए। इससे मरीजों एवं तीमारदारों को बार-बार इधर-उधर भटकने से राहत मिलेगी और उपचार प्रक्रिया अधिक सुचारु होगी। डॉ.सयाना ने कहा कि इन व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शुक्रवार को एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी,जिसमें सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने वार्डों में स्थापित इंटरकॉम सेवा का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया तथा नर्सिंग स्टाफ को सभी आवश्यक संपर्क नंबर वार्डों में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। मरीजों की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए प्राचार्य ने कहा कि मरीज सहायता संपर्क केंद्र का अधिकतम उपयोग किया जाए,ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी का तुरंत समाधान संभव हो सके। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन की प्राथमिकता मरीजों और उनके परिजनों को सहज,सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य ने मेडिसिन विभाग के आईसीयू का भी निरीक्षण किया तथा भर्ती मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। चारधाम यात्रा पर आए महाराष्ट्र के एक मरीज से स्वयं बातचीत कर उन्होंने उसकी पूरी चिकित्सकीय हिस्ट्री जानी और बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया। इस दौरान उनकी संवेदनशील कार्यशैली भी देखने को मिली। डॉ.आशुतोष सयाना ने मेडिसिन विभाग के पीजी डॉक्टरों द्वारा दी जा रही सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि युवा चिकित्सकों की प्रतिबद्धता और मेहनत अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बना रही है। उन्होंने सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को जिम्मेदारी,संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान डॉ.मैर्टन,फार्मासिस्ट सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।