भाषाओं से बढ़ा ज्ञान,संस्कृति से मिला सम्मान-पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज डांगचौरा में विद्यार्थियों ने रचा यादगार इतिहास

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज डांगचौरा विकासखंड कीर्तिनगर में आयोजित सात दिवसीय भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर (27 मई से 2 जून 2026) का समापन मंगलवार

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज डांगचौरा विकासखंड कीर्तिनगर में आयोजित सात दिवसीय भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर (27 मई से 2 जून 2026) का समापन मंगलवार को अत्यंत हर्षोल्लास,उत्साह और सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच संपन्न हुआ। समापन समारोह में विद्यार्थियों ने भारतीय भाषाओं और सांस्कृतिक विरासत की विविधता को जीवंत प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित कर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्षा संतोषी पोखरियाल एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेश कुमार के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। कार्यक्रम प्रभारी एवं शिविर आयोजक विनोद चौहान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए शिविर की गतिविधियों पर प्रकाश डाला तथा सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में विनोद चौहान ने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी हिंदी,अंग्रेजी,संस्कृत एवं गढ़वाली भाषाओं में दक्षता प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गत वर्ष शिविर में पंजाबी भाषा और संस्कृति का परिचय कराया गया था,जबकि इस वर्ष विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध भाषाई विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से बंगाली भाषा का चयन किया गया। उन्होंने बंगाली भाषा के साहित्यिक,सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व पर विस्तार से जानकारी साझा करते हुए विद्यार्थियों को भारतीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने बंगाली वर्णमाला,बंगाली संवाद,विश्वकवि रवीन्द्रनाथ टैगोर के प्रसिद्ध गीत एकला चलो रे की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही बंगाली लोकनृत्य तथा पारंपरिक लोक वाद्य यंत्रों के साथ प्रस्तुत गढ़वाली स्वागत गीत ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक समन्वय की सुंदर छटा बिखेर दी। कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षक एस.एस.चौधरी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास,भाषाई ज्ञान और सांस्कृतिक समझ को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और भाषाओं से जुड़े रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर योग प्रशिक्षक कु.काजल ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाते हुए उनके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी। योग प्रदर्शन ने विद्यार्थियों में स्वास्थ्य एवं अनुशासन के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन शैलेन्द्र प्रसाद थपलियाल ने किया,जबकि उन्हें नवीन का सहयोग प्राप्त हुआ। समापन अवसर पर सभी विद्यार्थियों को जलपान स्वरूप समोसा एवं केला वितरित किया गया। समारोह के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य सी.पी.देवली एवं मंचासीन अतिथियों ने शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्रों को मेडल एवं स्टेशनरी सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही शिविर में सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप स्टेशनरी सामग्री भेंट की गई। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्य सी.पी.देवली ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने छात्रों से निरंतर सीखने,नई भाषाओं को अपनाने और अपनी रचनात्मक क्षमताओं को विकसित करने का आह्वान किया। समारोह में भारतीय रेलवे के प्रशासनिक अधिकारी सुशील,विद्यालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी दिलावर सिंह चौहान,हरदेव,सूरतू,तुलसी देवी सहित विद्यालय परिवार एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सात दिनों तक चले इस शिविर ने विद्यार्थियों को केवल एक नई भाषा से परिचित नहीं कराया,बल्कि भारतीय संस्कृति की विविधता में निहित एकता,संवाद और पारस्परिक सम्मान का भी सशक्त संदेश दिया। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और शानदार प्रस्तुतियों ने यह सिद्ध कर दिया कि नई पीढ़ी भारतीय भाषाओं और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए पूरी तरह तत्पर है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...