
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से हंस फाउंडेशन जनरल हॉस्पिटल सतपुली के सौजन्य से बुधवार 9 सितंबर को कीर्तिनगर ब्लॉक मुख्यालय के निकट मलेथा ग्राम पंचायत भवन में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य एवं आंखों से संबंधित समस्याओं की जांच कराई। शिविर में विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच के साथ-साथ नेत्र संबंधी विभिन्न समस्याओं का परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार उपचार एवं आगे की चिकित्सा प्रक्रिया के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई। नेत्र जांच के लिए शिविर में डॉ.सूर्य प्रकाश भट्ट एवं डॉ.सुमित दहिया ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने ग्रामीणों की आंखों की बारीकी से जांच करते हुए दृष्टि संबंधी समस्याओं,मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों के संबंध में आवश्यक सलाह दी। शिविर के दौरान कुल 80 लोगों की ओपीडी हुई,जबकि जांच के उपरांत 14 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। शिविर में जरूरतमंद मरीजों को उपचार में राहत पहुंचाने के उद्देश्य से 45 लोगों को निःशुल्क दवाइयां तथा 55 लोगों को चश्मे वितरित किए गए। इससे ग्रामीणों को न केवल तत्काल स्वास्थ्य लाभ मिला,बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को उपचार संबंधी खर्च से भी राहत मिली। शिविर के संचालन में कैंप कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार तथा सपोर्ट स्टाफ सोबन सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं ग्राम पंचायत मलेथा की रश्मी रावत का भी शिविर के आयोजन एवं सफल संचालन में विशेष सहयोग रहा। ग्रामीणों ने हंस फाउंडेशन जनरल हॉस्पिटल सतपुली की ओर से ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि पहाड़ी क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सीमित होने के कारण ऐसे शिविर आमजन के लिए बेहद उपयोगी साबित होते हैं। विशेषकर बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्थानीय स्तर पर जांच,परामर्श,दवा एवं चश्मे की सुविधा मिलने से उन्हें काफी राहत मिलती है। शिविर ने यह संदेश भी दिया कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए चिकित्सा सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। हंस फाउंडेशन की इस पहल से मलेथा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ मिला।