
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी गढ़वाल। महिलाओं के स्वास्थ्य,स्वच्छता और सम्मान को केंद्र में रखकर जिला प्रशासन एवं बाल विकास विभाग ने जनपद पौड़ी में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल की शुरुआत की है। अब सार्वजनिक स्थलों पर आने वाली महिलाओं और किशोरियों को सैनिटरी पैड की उपलब्धता के लिए असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। जनपद में प्रथम चरण के तहत कलेक्ट्रेट परिसर,विकास भवन और बस स्टेशन पौड़ी में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित कर दी गई हैं,जिससे जरूरत के समय महिलाओं को आसानी से यह सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। यह पहल केवल एक सुविधा तक सीमित नहीं है,बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण,मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। लंबे समय से सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को ऐसी सुविधाओं के अभाव में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था,लेकिन अब प्रशासन की इस पहल से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। बाल विकास विभाग द्वारा शुरू की गई इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता संबंधी आवश्यक संसाधन सहज रूप से उपलब्ध कराना है। विशेषज्ञों का मानना है कि मासिक धर्म स्वच्छता महिलाओं के स्वास्थ्य से सीधे जुड़ा विषय है और इस दिशा में की गई पहले समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को भी कम करने में मददगार साबित होती हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि कलेक्ट्रेट,विकास भवन और बस स्टेशन जैसे स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं,छात्राएं और किशोरियां विभिन्न कार्यों से पहुंचती हैं। ऐसे में कई बार आपात परिस्थितियों में सैनिटरी पैड की उपलब्धता न होने से उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ता था। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इन प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं ताकि महिलाओं को समय पर आवश्यक सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि यह केवल शुरुआत है। आगामी समय में जिला प्रशासन और बाल विकास विभाग अस्पतालों,विद्यालयों,महाविद्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक संस्थानों में भी सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित करने की योजना पर कार्य कर रहे हैं। साथ ही महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जन-जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। इस पहल के साथ-साथ बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर और बस अड्डे में नर्सिंग रूम स्थापित करने की भी तैयारी की जा रही है। इन नर्सिंग रूमों में माताओं को अपने शिशुओं को सुरक्षित,स्वच्छ और गोपनीय वातावरण में स्तनपान कराने की सुविधा मिलेगी। यह व्यवस्था महिलाओं के सम्मान और सुविधा को ध्यान में रखते हुए विकसित की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा,स्वास्थ्य और गरिमा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनों की स्थापना महिलाओं को सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रशासन का लक्ष्य जनपद में महिलाओं के लिए सुरक्षित,स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण विकसित करना है,जिसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जनपद पौड़ी में शुरू हुई यह पहल निश्चित रूप से महिला सशक्तिकरण,स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित होगी तथा आने वाले समय में अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक प्रेरणादायक मॉडल बन सकती है।