मांगों को लेकर मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों की हुंकार-25 सितंबर को धरना और 5 अक्टूबर को देहरादून में होगी विशाल रैली

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड मिनिस्ट्रीयल फेडरेशन की प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के क्रम में विकासखंड कीर्तिनगर में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड मिनिस्ट्रीयल फेडरेशन की प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के क्रम में विकासखंड कीर्तिनगर में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने गेट मीटिंग कर सरकार के समक्ष अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी जायज मांगों के समाधान की मांग की जा रही है,लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। गेट मीटिंग में कर्मचारियों ने गोल्डन कार्ड की विसंगतियों को दूर करने,पुरानी पेंशन योजना बहाल करने,मिनिस्ट्रीयल संवर्ग के पदों को मर्ज करने,कनिष्ठ सहायक का वेतनमान 2800 ग्रेड पे किए जाने तथा कनिष्ठ सहायक के पदों पर आउटसोर्स के माध्यम से भर्ती नहीं किए जाने सहित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया। मिनिस्ट्रीयल फेडरेशन कीर्तिनगर के इकाई अध्यक्ष राजीव उनियाल ने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों की मांगों का उचित समाधान नहीं होता,तब तक प्रदेश संगठन के आह्वान पर निर्धारित आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में कर्मचारी नियमानुसार प्रतिभाग करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन के अगले चरण में 25 सितंबर 2026 को जनपद मुख्यालय में धरना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा,जिसमें टिहरी गढ़वाल जनपद के विभिन्न विभागों के कर्मचारी प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद भी यदि सरकार द्वारा कर्मचारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है तो 5 अक्टूबर 2026 को देहरादून में विशाल रैली आयोजित की जाएगी। कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि सरकार स्तर से इसके बाद भी मांगों के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई तो संगठन के समक्ष हड़ताल जैसे कठोर आंदोलनात्मक कदम उठाने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। गेट मीटिंग के दौरान वक्ताओं ने कर्मचारियों से संगठन की एकजुटता बनाए रखने तथा आंदोलन के आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने का आह्वान किया। सुंदरलाल आर्य,अनिल रतूड़ी एवं राजपाल सिंह बागड़ी ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की ताकत उसकी एकजुटता में निहित है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से प्रदेश फेडरेशन के निर्देशों के अनुरूप आंदोलन को सफल बनाने की अपील की। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें केवल किसी एक विभाग या संवर्ग तक सीमित नहीं हैं,बल्कि ये सेवा व्यवस्था,भविष्य की सामाजिक सुरक्षा और कर्मचारियों के सम्मान से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। ऐसे में सरकार से अपेक्षा है कि कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए वार्ता के माध्यम से समाधान निकाला जाए। गेट मीटिंग में चंद्र मोहन मेवाड़,चंद्रशेखर मेवाड़,संजय पांडे,विजेंद्र,विजय सिंह रावत,मंगल सिंह बर्थवाल,नीमा पुरी,अनामिका भंडारी,रोशनी देवी,दिनेश मंद्रवाल,आयुष भंडारी,आदित्य बंगारी,विनोद,गजेंद्र पवार सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। कर्मचारियों ने कहा कि आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा और प्रदेश संगठन द्वारा तय किए गए प्रत्येक कार्यक्रम में एकजुट होकर प्रतिभाग किया जाएगा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...