
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रदेश की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने के निर्देशों के बाद पौड़ी जनपद में सड़क सुधार अभियान को गति देने की कवायद तेज हो गई है। बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों,उखड़े पैच,टूटे पुश्तों और अवरुद्ध नालियों को चिन्हित कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने कहा कि सड़क मरम्मत का उद्देश्य केवल गड्ढों को भरना नहीं,बल्कि मार्गों की समग्र स्थिति सुधारना और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना होना चाहिए। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग,प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना,राष्ट्रीय राजमार्ग तथा नगर निकायों के अधिकारियों के साथ जनपद में संचालित सड़क मरम्मत कार्यों की सड़कवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से अब तक की प्रगति, प्रस्तावित कार्यों और निर्धारित समय-सीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी लेते हुए अभियान को पूरी गंभीरता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन मार्गों पर मरम्मत कार्य शुरू किया जाए,वहां एक छोर से कार्य प्रारंभ कर उसे पूर्ण करते हुए आगे बढ़ा जाए,ताकि सड़क के बीच-बीच में कार्य अधूरा न छूटे। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में पिछले दो वर्षों के दौरान किए गए सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हाल में निर्मित जिन सड़कों में क्षति हुई है और जो अभी ठेकेदार की उत्तरदायित्व अवधि में हैं,उनकी आवश्यक मरम्मत संबंधित ठेकेदार से कराई जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पिछले वर्ष जिन कार्यों के लिए अनुमति प्राप्त हो चुकी है,उन्हें दोबारा पैच मरम्मत के कार्यों में शामिल न किया जाए,ताकि एक ही कार्य की पुनरावृत्ति न हो और सरकारी संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। नालियों की सफाई और झाड़ी कटान पर भी जोर रिहायशी क्षेत्रों में सड़क किनारे आवश्यकतानुसार झाड़ी कटान तथा नालियों की सफाई कराने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क की मजबूती और सुरक्षा के लिए जल निकासी व्यवस्था का सुचारु होना बेहद जरूरी है। नालियों में किसी प्रकार का अवरोध नहीं होना चाहिए,ताकि वर्षा जल सड़क पर जमा होकर मार्ग को नुकसान न पहुंचाए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट तय प्रारूप में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि जिन सड़कों का गड्ढामुक्त कार्य पूरा हो जाए,उनका संबंधित उपजिलाधिकारियों के माध्यम से स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। इसके बाद संबंधित अधिशासी अभियंताओं को 15 अक्टूबर के बाद अपनी-अपनी सड़कों के गड्ढामुक्त होने का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। बैठक में लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के नोडल अधिकारी ने बताया कि सड़क मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है तथा निर्धारित कार्यों को तय समयावधि में पूरा कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने जनपद की अन्य क्षतिग्रस्त सड़कों को भी अभियान में शामिल करते हुए उनकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रस्तावित अन्य कार्यों को 20 सितंबर से शुरू कराने के लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद के किसी भी मार्ग पर सड़क,पैच अथवा पुश्ता क्षतिग्रस्त है तो उसे औचित्यपूर्ण तरीके से चिन्हित कर मरम्मत कार्य में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत केवल खानापूर्ति तक सीमित नहीं रहनी चाहिए,बल्कि प्रत्येक कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक पूरा किया जाए। जिलाधिकारी ने नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क पैच मरम्मत एवं गड्ढामुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी वार्डों की गलियों में सड़क के गड्ढों तथा उखड़े हुए हिस्सों को चिन्हित कर उनकी मरम्मत कराने और विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें आमजन के दैनिक आवागमन का प्रमुख आधार हैं,इसलिए इनके रखरखाव में लापरवाही सीधे जनता की परेशानी बढ़ाती है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाएं। बैठक में एडीएम एफ.आर.चौहान,अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रांतीय खंड विवेक सेमवाल,अधिशासी अभियंता निर्माण खंड रीना नेगी,अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पौड़ी संजय कुमार,सहायक अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग खंड जी.एस.तोमर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।