
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पर्वतीय क्षेत्रों में फलोत्पादन और कीवी की खेती को किसानों की आर्थिकी का मजबूत आधार बनाने की दिशा में कृषि विभाग ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल ने न्याय पंचायत पंचाली के अंतर्गत विकासखंड कल्जीखाल क्षेत्र में विभिन्न कृषकों के फल उद्यान एवं कीवी फार्म का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कृषकों से सीधे संवाद कर कृषि एवं बागवानी गतिविधियों की जानकारी ली तथा उत्पादन बढ़ाने के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाने और विभागीय योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने पर जोर दिया। मुख्य कृषि अधिकारी ने ग्राम सभा साकनी बड़ी में कृषक रतन सिंह असवाल के लगभग छह हेक्टेयर क्षेत्रफल में स्थापित फल उद्यान का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्यान में फल उत्पादन की स्थिति,पौधों के रखरखाव,बागवानी गतिविधियों तथा उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने कृषक से उद्यान में किए जा रहे कार्यों,उत्पादन की स्थिति और खेती के दौरान सामने आने वाली समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में फलोत्पादन की अपार संभावनाएं हैं और यदि किसान वैज्ञानिक पद्धतियों,उचित पौध प्रबंधन तथा विभागीय तकनीकी मार्गदर्शन के साथ बागवानी को आगे बढ़ाएं तो इससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। उन्होंने कृषकों को उद्यानों की नियमित देखभाल तथा गुणवत्तापूर्ण उत्पादन पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात मुख्य कृषि अधिकारी ने ग्राम नैथाना में कृषक राकेश नैथानी के लगभग पांच हेक्टेयर क्षेत्रफल में स्थापित कीवी फार्म का निरीक्षण किया। उन्होंने कीवी उत्पादन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी लेते हुए फार्म में अपनाई जा रही तकनीकों,पौधों के रखरखाव और उत्पादन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कृषक से कीवी के उत्पादन,बाजार तक पहुंच और विपणन से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की। मुख्य कृषि अधिकारी ने कहा कि कीवी जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों के लिए आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है। इसके लिए किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक,उचित प्रबंधन और बेहतर विपणन व्यवस्था की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कृषकों को विभागीय अधिकारियों एवं विशेषज्ञों से तकनीकी मार्गदर्शन लेते हुए खेती को अधिक व्यवस्थित एवं लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने कृषकों को कृषि विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं,अनुदान एवं तकनीकी सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पात्र कृषकों से विभागीय योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि संसाधनों से जोड़ना,उत्पादन बढ़ाना और उनकी आय में वृद्धि करना है। मुख्य कृषि अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक कृषकों तक पहुंचाई जाए तथा पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक सहयोग एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। कृषकों ने भी मुख्य कृषि अधिकारी के समक्ष फलोत्पादन एवं कीवी खेती से जुड़ी अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं को रखा। उन्होंने विभागीय स्तर से मिलने वाले मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान न्याय पंचायत प्रभारी भगवती प्रसाद थपलियाल,सुभाष रावत,अजय रावत,राकेश नैथानी,मोहित नैथानी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।