रांसी ग्राउंड से भारतीय सेना तक-आईएसएसए फाउंडेशन की मेहनत रंग लाई,28 युवाओं ने जीता अग्निवीर का रण

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होकर राष्ट्रसेवा का अवसर दिलाने के उद्देश्य से आईएसएसए फाउंडेशन द्वारा चलाया गया विशेष अग्निवीर प्रशिक्षण अभियान

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होकर राष्ट्रसेवा का अवसर दिलाने के उद्देश्य से आईएसएसए फाउंडेशन द्वारा चलाया गया विशेष अग्निवीर प्रशिक्षण अभियान ऐतिहासिक सफलता का प्रतीक बनकर उभरा है। संस्था के अथक प्रयासों,सुनियोजित प्रशिक्षण और युवाओं की मेहनत के परिणामस्वरूप जनपद के 28 युवाओं ने अग्निवीर भर्ती में सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि न केवल चयनित युवाओं के लिए गर्व का विषय है,बल्कि पूरे जनपद पौड़ी गढ़वाल के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है। आईएसएसए फाउंडेशन द्वारा 18 जुलाई 2025 से 20 जनवरी 2026 तक रांसी ग्राउंड में विशेष अग्निवीर शारीरिक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया गया। लगभग छह माह तक चले इस आवासीय प्रशिक्षण शिविर में जनपद के विभिन्न विकास खण्डों से करीब 50 युवाओं ने प्रतिभाग किया। सेना में भर्ती होने के सपने को साकार करने के लिए युवाओं ने कठिन परिश्रम,अनुशासन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में युवाओं को प्रतिदिन सुबह और शाम दौड़,शारीरिक दक्षता,सहनशक्ति,संतुलन,अनुशासन तथा सेना भर्ती से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का गहन अभ्यास कराया गया। युवाओं के बेहतर प्रदर्शन और शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए संस्था द्वारा जूते,ट्रैक सूट,जुराबें,निक्कर,टी-शर्ट सहित आवश्यक खेल सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। आईएसएसए फाउंडेशन ने केवल प्रशिक्षण तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी,बल्कि युवाओं के स्वास्थ्य और पोषण का भी विशेष ध्यान रखा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को नियमित रूप से पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया गया। प्रतिदिन भीगे हुए चने,काजू,किशमिश,बादाम,छुहारे,केले,दूध एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ दिए जाते रहे,जिससे युवाओं की शारीरिक क्षमता और सहनशक्ति में निरंतर वृद्धि हो सके। जब भर्ती प्रक्रिया प्रारम्भ हुई तो संस्था ने अभ्यर्थियों को भर्ती स्थल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी निभाई। युवाओं को विशेष बसों की व्यवस्था कर कोटद्वार भर्ती मैदान तक पहुंचाया गया,ताकि किसी भी अभ्यर्थी को आर्थिक या परिवहन संबंधी कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। आईएसएसए फाउंडेशन के इन समर्पित प्रयासों का परिणाम 27 मई 2026 को घोषित अग्निवीर भर्ती परिणाम में देखने को मिला,जब प्रशिक्षण प्राप्त 28 युवाओं का भारतीय सेना में चयन हुआ। चयन की खबर मिलते ही युवाओं और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई,वहीं पूरे जनपद में इस सफलता को लेकर उत्साह का माहौल बन गया। यह संपूर्ण प्रशिक्षण अभियान आईएसएसए फाउंडेशन के संस्थापक आई.एस.नेगी के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में संचालित किया गया। युवाओं के प्रति उनका समर्पण,राष्ट्रसेवा की भावना और सकारात्मक सोच आज अनेक युवाओं के जीवन को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। जनपद स्तर पर इस महत्वाकांक्षी अभियान का सफल संचालन अमन कुमार द्वारा किया गया,जिन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं,युवाओं के मार्गदर्शन,समन्वय और निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अभियान को सफल बनाने में आलोक रावत का विशेष सहयोग रहा। इसके अतिरिक्त संग्राम सिंह नेगी,मनोज बिष्ट,गंगोत्री नेगी,काजल रावत,धर्म सिंह,डी.एस.रावत एवं विशेष रूप से सतवीर सिंह का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा। इन सभी के सामूहिक प्रयास, समर्पण और टीम भावना ने जनपद के युवाओं को यह ऐतिहासिक सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आईएसएसए फाउंडेशन ने चयनित सभी युवाओं और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी संस्था जनपद के युवाओं को सेना,अर्द्धसैनिक बलों और अन्य रोजगारपरक क्षेत्रों के लिए प्रशिक्षित एवं प्रेरित करती रहेगी। संस्था का उद्देश्य केवल युवाओं को नौकरी दिलाना नहीं,बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर,अनुशासित और राष्ट्र निर्माण में सहभागी नागरिक बनाना भी है। जनपद पौड़ी गढ़वाल की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन,संसाधन और सकारात्मक वातावरण मिले तो वे किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। आईएसएसए फाउंडेशन का यह प्रयास आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आया है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...