रांसी में उभरी पहाड़ की खेल प्रतिभा-आठ खेलों में चयन के लिए खिलाड़ियों ने झोंकी पूरी ताकत

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ की खेल प्रतिभाओं को पहचान,प्रशिक्षण और बेहतर अवसर देने की दिशा में पौड़ी जनपद में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का जोरदार प्रदर्शन किया। रांसी स्टेडियम में

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ की खेल प्रतिभाओं को पहचान,प्रशिक्षण और बेहतर अवसर देने की दिशा में पौड़ी जनपद में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का जोरदार प्रदर्शन किया। रांसी स्टेडियम में आयोजित जनपदीय चयन ट्रायल्स में 12 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरकर अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन किया। आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश के लिए आयोजित इन ट्रायल्स में खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी शारीरिक क्षमता,तकनीकी दक्षता और खेल कौशल की कसौटी पर खुद को साबित करने के लिए पूरा दमखम लगाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2026-27 के लिए जनपद पौड़ी में आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश हेतु 9 एवं 10 सितंबर को रांसी स्टेडियम में जनपदीय चयन ट्रायल्स आयोजित किए गए। ट्रायल्स में बड़ी संख्या में बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। चयन ट्रायल्स के दौरान फुटबॉल,एथलेटिक्स,बैडमिंटन,वॉलीबॉल,क्रिकेट,हैंडबॉल,बॉक्सिंग एवं हॉकी में खिलाड़ियों की प्रतिभा परखी गई। निर्धारित मानकों के अनुसार खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता,खेल कौशल और तकनीकी दक्षता का परीक्षण किया गया। मैदान में खिलाड़ियों के बीच बेहतर प्रदर्शन करने की होड़ दिखाई दी और प्रतिभागियों ने अपनी मेहनत एवं प्रतिभा के बल पर चयन की दावेदारी पेश की। जनपद स्तर पर चयनित होने वाले खिलाड़ियों को अब राज्य स्तरीय चयन ट्रायल्स में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में संचालित आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश दिया जाएगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों का उद्देश्य उभरती खेल प्रतिभाओं को कम उम्र से ही बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। छात्रावासों में खिलाड़ियों को पढ़ाई के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण खेल प्रशिक्षण,आवश्यक सुविधाएं तथा नियमित अभ्यास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि इन प्रतिभाओं को समय पर पहचानकर उन्हें उचित प्रशिक्षण,मार्गदर्शन और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। विभाग द्वारा इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं,ताकि प्रदेश के युवा खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने खिलाड़ियों से भी पूरी मेहनत,अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं बल्कि अनुशासन,आत्मविश्वास,धैर्य और निरंतर मेहनत का माध्यम भी है। चयन ट्रायल्स में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के लिए यह अवसर भविष्य में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की महत्वपूर्ण सीढ़ी साबित हो सकता है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...