राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में श्रीनगर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन-केन्द्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर केन्द्र सरकार का पुतला फूंका

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने तथा देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने तथा देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश गुरुवार को श्रीनगर में खुलकर सामने आया। महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता गोला पार्क में एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सूरज घिल्डियाल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश के युवाओं और छात्रों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर जवाबदेही से बच रही है। उनका कहना था कि लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है,लेकिन इसके बावजूद सरकार ठोस और प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सूरज घिल्डियाल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में सरकार को युवाओं की समस्याओं का समाधान करना चाहिए,लेकिन इसके बजाय विपक्ष की आवाज़ दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि का संवैधानिक अधिकार है। यदि जनहित के मुद्दे उठाने वाले विपक्षी नेताओं पर दमनात्मक कार्रवाई की जाती है तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी की और युवाओं के हितों की रक्षा,पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा की मांग उठाई। बाद में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सूरज घिल्डियाल,प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य वीरेंद्र सिंह नेगी,महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजू भट्ट,लाल सिंह नेगी,मीना रावत,बलबीर सिंह दानू,निशांत कंडारी,देवी प्रसाद गोदियाल,बलवीर सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...