
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। समाजसेवा,मानव कल्याण और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित अंतरराष्ट्रीय संस्था रोटरी क्लब श्रीनगर के नवीन रोटरी वर्ष 2026-27 के पदग्रहण समारोह का आयोजन आगामी 25 जुलाई शनिवार को सायं 7 बजे अदिति वेडिंग प्वाइंट बद्रीनाथ मार्ग श्रीनगर में आयोजित किया जाएगा। इस गरिमामयी समारोह में क्लब के नव-निर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन अनिल ढौंडियाल अपनी नई कार्यकारिणी के साथ पदभार ग्रहण करेंगे। समारोह में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 की जिला गवर्नर रोटेरियन पायल गौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी,जबकि केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय देवप्रयाग के निदेशक प्रो.पीवीबी.सुब्रह्मण्यम विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। दोनों अतिथि अपने उद्बोधनों के माध्यम से रोटरी के सेवा मूल्यों,सामाजिक उत्तरदायित्व और जनकल्याण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालेंगे। नवगठित कार्यकारिणी में डॉ.हरीश भट्ट सचिव तथा डॉ.राजेन्द्र भण्डारी कोषाध्यक्ष के रूप में दायित्व संभालेंगे। इसके अतिरिक्त अनूप घिल्डियाल क्लब परामर्शदाता पूर्व अध्यक्ष तथा सीताराम बहुगुणा सार्जेंट-एट-आर्म्स की जिम्मेदारी निभाएंगे। नई टीम में नगर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों,शिक्षाविदों,उद्यमियों,समाजसेवियों एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक सक्रिय सदस्य शामिल हैं,जो आगामी वर्ष में सेवा कार्यों को नई गति प्रदान करेंगे। रोटरी क्लब श्रीनगर वर्षों से शिक्षा,स्वास्थ्य,पर्यावरण संरक्षण,रक्तदान,स्वच्छता,महिला एवं बाल कल्याण,आपदा राहत तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े अनेक जनहितकारी अभियानों का सफल संचालन करता रहा है। नई कार्यकारिणी भी रोटरी के आदर्श वाक्य स्वार्थ से ऊपर सेवा की भावना को आत्मसात करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा गतिविधियों को पहुंचाने का संकल्प लेगी। समारोह के दौरान निवर्तमान पदाधिकारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा तथा नवीन कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से दायित्व सौंपे जाएंगे। इस अवसर पर क्लब आगामी वर्ष की सेवा परियोजनाओं,सामाजिक अभियानों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत करेगा। रोटरी क्लब श्रीनगर गढ़वाल ने नगर के गणमान्य नागरिकों,सामाजिक संगठनों,शिक्षाविदों,चिकित्सकों,उद्योगपतियों,व्यापारियों तथा सभी रोटेरियनों और उनके परिवारों से इस गरिमामयी पदग्रहण समारोह में सहभागिता कर नई कार्यकारिणी का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया है। समारोह के उपरांत सभी आमंत्रित अतिथियों के लिए रात्रि भोज की भी व्यवस्था की गई है।