
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित,सुव्यवस्थित और निर्बाध बनाने के लिए पौड़ी पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में एसएसपी ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ विस्तृत समीक्षा करते हुए मुख्यालय स्तर से संचालित ऑपरेशन प्रहार को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के लिए किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी सर्वेश पंवार ने निर्देशित किया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित,इनामी एवं वारंटी अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कड़ी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही युवाओं एवं छात्रों में बढ़ती लापरवाह ड्राइविंग प्रवृत्तियों पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने ड्रंक एंड ड्राइविंग,तेज गति से वाहन चलाने तथा बिना नंबर प्लेट के वाहनों के संचालन पर प्रभावी अंकुश लगाने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि चेकिंग अभियान केवल रात्रि तक सीमित न रहे,बल्कि सुबह के समय भी इसे उतनी ही सक्रियता के साथ संचालित किया जाए। होटल,रेस्टोरेंट एवं रिसॉर्ट्स की नियमित जांच सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनके संचालन समय का कड़ाई से पालन करवाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को तेज करने के निर्देश भी दिए गए,ताकि जनपद में किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों को समय रहते रोका जा सके। चारधाम यात्रा को लेकर एसएसपी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा मार्गों पर चिन्हित डेंजर जोन,भूस्खलन संभावित क्षेत्र,संकरे मार्ग (बॉटल नेक) एवं दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र दुरुस्त किया जाए। उन्होंने यात्रा मार्गों एवं प्रमुख पड़ाव स्थलों पर पार्किंग व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने तथा यातायात नियमों से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करने पर जोर दिया। साथ ही भीड़भाड़ की स्थिति में यात्रियों को नियंत्रित करने हेतु बनाए गए होल्डिंग एरिया में पेयजल,शौचालय,प्रकाश,शेड एवं बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने श्रीनगर एवं लक्ष्मणझूला जैसे प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा 24 घंटे ड्यूटी व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए,ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पौड़ी पुलिस द्वारा चारधाम यात्रा से पूर्व की जा रही यह व्यापक तैयारी यह दर्शाती है कि इस बार प्रशासन सुरक्षा,व्यवस्था और सुविधा के सभी पहलुओं पर पूरी तरह गंभीर है। ऑपरेशन प्रहार के साथ-साथ सुदृढ़ यातायात और सुरक्षा प्रबंधन,आने वाले समय में एक सुरक्षित और सफल यात्रा की नींव रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।