विकास के पथ पर तेजी से बढ़ता खिर्सू-डॉ.धन सिंह रावत ने किया महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पर्वतीय क्षेत्रों में विकास की रफ्तार को नई दिशा देते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने सोमवार को विकासखंड खिर्सू क्षेत्र में सड़क,पर्यटन और

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पर्वतीय क्षेत्रों में विकास की रफ्तार को नई दिशा देते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने सोमवार को विकासखंड खिर्सू क्षेत्र में सड़क,पर्यटन और जनसुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों तक विकास की किरण पहुंचाने और पलायन की चुनौती को अवसर में बदलने के लिए आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। कार्यक्रम के तहत कैबिनेट मंत्री ने थानधार से उल्ली तक निर्मित दो किलोमीटर मोटर मार्ग का विधिवत लोकार्पण किया। लगभग 58.22 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही कृषि,बागवानी और स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में भी आसानी होगी। वर्षों से सड़क सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। इसके उपरांत मंत्री ने ग्राम उल्ली में पर्यटकों एवं यात्रियों की सुविधा के लिए पांच लाख रुपये की लागत से बनने वाले यात्री प्रतीक्षालय का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि खिर्सू क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता,शांत वातावरण और पर्यटन संभावनाओं के लिए विशेष पहचान रखता है। ऐसे में पर्यटकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। प्रस्तावित यात्री प्रतीक्षालय स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा। अपने दौरे के दौरान डॉ.रावत ने खिर्सू-माण्डाखाल मोटर मार्ग पर बिडोली में निर्मित व्यूप्वाइंट का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह व्यूप्वाइंट न केवल यात्रियों के लिए विश्राम स्थल का कार्य करेगा,बल्कि यहां से दिखाई देने वाले हिमालयी दृश्यों और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए भी एक आकर्षक केंद्र बनेगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है बल्कि शिक्षा,स्वास्थ्य,पेयजल,पर्यटन और ग्रामीण आधारभूत ढांचे के समग्र विकास के माध्यम से गांवों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने स्थानीय जनता से विकास कार्यों के संरक्षण और क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाए रखने का भी आह्वान किया। साथ ही आश्वस्त किया कि खिर्सू क्षेत्र की अन्य आवश्यकताओं और विकास संबंधी मांगों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी,पूर्व राज्यमंत्री मातवर सिंह रावत,ब्लॉक प्रमुख खिर्सू अनिल भंडारी,पूर्व प्रमुख संपत सिंह रावत,नीतिन घिल्डियाल,ज्येष्ठ उप प्रमुख नितिन रावत,रमेश मंद्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि,अधिकारी,गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...