
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। चुनावी तैयारियों को धार देने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में पार्टी ने वरिष्ठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ता विजय कपरूवाण को श्रीनगर विधानसभा चुनाव प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी इस नियुक्ति से श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी। विजय कपरूवाण को चुनाव प्रभारी बनाए जाने को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव में संगठन की भूमिका,कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय,बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता तथा जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने में चुनाव प्रभारी की अहम भूमिका रहती है। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि विजय कपरूवाण अपने अनुभव,समर्पण और संगठनात्मक क्षमता के बल पर पार्टी की चुनावी तैयारियों को गति प्रदान करेंगी। श्रीनगर मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी चुनाव में संगठन की एकजुटता,कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनसंपर्क की प्रभावी रणनीति महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि विजय कपरूवाण के मार्गदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा तथा संगठन की गतिविधियों को बूथ स्तर तक और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने आशा व्यक्त की कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरेगी और जनता के बीच अपनी नीतियों,कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों को लेकर पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका और सामूहिक प्रयासों से संगठन को मजबूती मिलेगी। साथ ही श्रीनगर विधानसभा सीट पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लक्ष्य के साथ सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मिलकर कार्य करेंगे। इस अवसर पर श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष जितेंद्र धीरवाण,पूर्व मंडल अध्यक्ष जितेंद्र रावत,जिला उपाध्यक्ष गिरीश पैन्यूली,जिला महामंत्री गणेश भट्ट,जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रमिला भंडारी,नगर निगम की महापौर आरती भण्डारी,वरिष्ठ भाजपा नेता लखपत भण्डारी,महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष ललिता नेगी,मंडल महामंत्री शुभम प्रभाकर,मीडिया प्रभारी प्रकाश सती तथा नितिन घिल्डियाल सहित मंडल के अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विजय कपरूवाण को बधाई दी। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह पार्टी संगठन को मजबूत करने,कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। कार्यकर्ताओं ने उन्हें चुनावी सफलता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।