शादी की यादों को बनाया हरियाली का प्रतीक-नवदंपति ने समलौण पौधा रोपकर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड की देवभूमि में प्रकृति और संस्कृति का रिश्ता सदियों पुराना रहा है। यहां जन्म से लेकर विवाह और अन्य मांगलिक संस्कारों तक प्रकृति के प्रति सम्मान

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड की देवभूमि में प्रकृति और संस्कृति का रिश्ता सदियों पुराना रहा है। यहां जन्म से लेकर विवाह और अन्य मांगलिक संस्कारों तक प्रकृति के प्रति सम्मान एवं संरक्षण की भावना लोकपरंपराओं में रची-बसी है। इसी परंपरा को जीवंत करते हुए जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड खिर्सू के ग्राम मलुण्ड में एक नवदंपति ने अपने विवाह के शुभ अवसर को पर्यावरण संरक्षण के संकल्प से जोड़कर समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। ग्राम मलुण्ड निवासी माधो सिंह रावत एवं सीमा देवी की पुत्री के विवाह के उपलक्ष्य में वर हरेन्द्र एवं वधू सपना ने अपने घर के आंगन में अमरूद का समलौण पौधा रोपित किया। नवदंपति ने पौधारोपण के माध्यम से अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत को प्रकृति के प्रति प्रेम,जिम्मेदारी और संरक्षण के संकल्प के साथ यादगार बनाया। यह पहल केवल एक पौधा रोपने तक सीमित नहीं रही,बल्कि आने वाली पीढ़ियों को हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश देने वाली एक सार्थक सामाजिक पहल भी बनी। इस अवसर पर पौधे के संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी दुल्हन की माता सीमा देवी ने ली। उन्होंने पौधे को परिवार के एक सदस्य की तरह सुरक्षित रखने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। विवाह जैसे मांगलिक अवसर पर रोपा गया यह पौधा आने वाले वर्षों में नवदंपति के सुखद वैवाहिक जीवन की स्मृतियों के साथ-साथ परिवार में पर्यावरण के प्रति जागरूकता का प्रतीक भी बनेगा। कार्यक्रम का संचालन गांव की समलौण सेना की नायिका लक्ष्मी देवी ने किया। उन्होंने कहा कि संस्कारों और मांगलिक अवसरों पर रोपे जाने वाले समलौण पौधे केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं होते,बल्कि वे मानवीय भावनाओं,पारिवारिक रिश्तों,रीति-रिवाजों और लोकपरंपराओं से भी गहराई से जुड़े होते हैं। ऐसे पौधों के साथ लोगों की भावनाएं जुड़ जाती हैं,जिससे उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी स्वाभाविक रूप से बढ़ती है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन और प्रकृति का संबंध अन्योन्याश्रित है। प्रकृति सुरक्षित रहेगी,तभी मानव जीवन और हमारी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रह सकेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से जंगलों को आग से बचाने,वन संपदा का संरक्षण करने तथा अधिक से अधिक पौधारोपण कर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की। इस अवसर पर नवदंपति की पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक पहल से उत्साहित होकर दूल्हे हरेन्द्र ने समलौण सेना के कार्यों की सराहना करते हुए 500 रुपये की नगद धनराशि पुरस्कार स्वरूप भेंट की। यह सहयोग प्रकृति संरक्षण के लिए ग्रामीण स्तर पर किए जा रहे सामूहिक प्रयासों के प्रति सम्मान और प्रोत्साहन का प्रतीक रहा। कार्यक्रम में समलौण सेना की सदस्य बाबा देवी,शोभना देवी,पिंकी देवी,प्रमिला देवी सहित अनेक ग्रामीण,घराती एवं बाराती उपस्थित रहे।‌विवाह के अवसर पर रोपा गया यह समलौण पौधा एक परिवार की सुखद स्मृतियों के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी देता रहेगा। वास्तव में जब जीवन के उत्सवों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जाता है,तब परंपराएं केवल निभाई नहीं जातीं,बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा भी बनती हैं।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...