श्रीनगर बेस अस्पताल में स्वास्थ्य क्रांति का शंखनाद-ट्रामा सेंटर,रेन बसेरा से लेकर पार्किंग निर्माण तक विकास की नई उड़ान

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल एवं उच्च

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल एवं उच्च शिक्षा मंत्री तथा श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने सोमवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज के बेस चिकित्सालय श्रीनगर में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण और विद्युत स्टोर एवं कक्ष निर्माण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार की दूरदर्शी योजनाओं,आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास के संकल्प का सशक्त मंच बन गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं,बल्कि उन्हें आधुनिक,सुलभ और प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग और पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ती स्वास्थ्य जरूरतों को देखते हुए श्रीनगर,उत्तरकाशी और कौड़ियाला में अत्याधुनिक ट्रामा सेंटर विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इन केंद्रों के स्थापित होने से सड़क दुर्घटनाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में घायल मरीजों को गोल्डन ऑवर के भीतर विशेषज्ञ उपचार मिल सकेगा,जिससे अनेक बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि श्रीनगर का बेस चिकित्सालय पूरे गढ़वाल मंडल की स्वास्थ्य सेवाओं की धुरी बन चुका है और भविष्य में इसे और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य क्षेत्र में कई ऐतिहासिक पहलें की हैं,जिनके सकारात्मक परिणाम आज दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्तमान में प्रस्तावित विकास योजनाओं को भी शीघ्र धरातल पर उतारा जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संबोधन में पलायन की समस्या को भी गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि यदि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य,शिक्षा,रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का मजबूत ढांचा विकसित किया जाए तो पलायन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस दिशा में सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए युवाओं से नशे और तंबाकू उत्पादों से दूर रहने का आग्रह किया। उच्च शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर को उत्तराखंड का प्रमुख स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा केंद्र बनाने के लिए सरकार युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज के विस्तार के लिए 400 नाली जीवीके भूमि को विकसित किया जाएगा,जिससे भविष्य में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के नए आयाम स्थापित होंगे। डॉ.रावत ने कहा कि मरीजों के साथ अस्पताल पहुंचने वाले तीमारदारों को होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए 100 कमरों वाला आधुनिक रेन बसेरा भी बनाया जाएगा,जिससे दूर-दराज़ क्षेत्रों से आने वाले लोगों को सम्मानजनक और सुरक्षित ठहरने की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि बहुमंजिला पार्किंग के निर्माण से अस्पताल परिसर में लंबे समय से बनी पार्किंग समस्या का समाधान होगा और मरीजों तथा उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि श्रीनगर क्षेत्र में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति और घर-घर गैस पाइपलाइन उपलब्ध कराने की दिशा में भी तेजी से कार्य चल रहा है। आने वाले समय में इन योजनाओं का लाभ क्षेत्र की जनता को मिलने लगेगा। कार्यक्रम में राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने मेडिकल कॉलेज और बेस अस्पताल की उपलब्धियों,नई स्वास्थ्य परियोजनाओं तथा भविष्य की योजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से मेडिकल कॉलेज निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और भविष्य में यह संस्थान प्रदेश के अग्रणी चिकित्सा संस्थानों में शामिल होगा। शिलान्यास समारोह में चिकित्सा अधीक्षक डॉ.राकेश रावत,भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,जितेंद्र रावत,दीपक उनियाल सहित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधिकारी,कर्मचारी,जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने स्पष्ट संकेत दिया कि श्रीनगर में स्वास्थ्य आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। ट्रामा सेंटर,रेन बसेरा,बहुमंजिला पार्किंग और मेडिकल कॉलेज विस्तार जैसी परियोजनाएं न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर बदलेंगी,बल्कि पूरे गढ़वाल क्षेत्र के विकास को भी नई गति प्रदान करेंगी।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...