श्रीनगर में गूंजेगा हरे कृष्ण का महामंत्र-इस्काॅन के जन्माष्टमी महोत्सव में सजेगा भक्ति और संस्कृति का भव्य दरबार

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि श्रीनगर एक बार फिर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और आध्यात्मिक चेतना से सराबोर होने जा रही है। अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ इस्कॉन श्रीनगर द्वारा इस वर्ष श्रीकृष्ण

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि श्रीनगर एक बार फिर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और आध्यात्मिक चेतना से सराबोर होने जा रही है। अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ इस्कॉन श्रीनगर द्वारा इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व को एक दिवसीय आयोजन तक सीमित न रखते हुए भव्य जन्माष्टमी महोत्सव सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। इस बहुदिवसीय धार्मिक,सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजन का मुख्य कार्यक्रम गोला बाजार स्थित सर्राफा धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा। जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर इस्कॉन श्रीनगर की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन में श्रीकृष्ण की भक्ति,हरिनाम संकीर्तन,वैदिक परंपराओं,धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं के लिए दर्शन,पूजा-अर्चना और महाप्रसाद की विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की तैयारी की है। भव्य जन्माष्टमी महोत्सव में प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं श्रीनगर की महापौर आरती भण्डारी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगी। आयोजन में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.श्रीप्रकाश सिंह की भी गरिमामयी उपस्थिति एवं आशीर्वाद प्राप्त होगा। गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी के साथ आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। इस्कॉन श्रीनगर द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 3 सितंबर 2026 गुरुवार को दोपहर 3 बजे से नरसिंह यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच होने वाला यह यज्ञ महोत्सव की आध्यात्मिक शुरुआत करेगा। 4 सितंबर 2026 शुक्रवार को शाम 4 बजे से भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य काल अर्थात मध्यरात्रि तक मुख्य जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विशेष धार्मिक कार्यक्रम,हरिनाम संकीर्तन एवं भक्ति संगीत से वातावरण कृष्णमय होगा। महोत्सव का प्रमुख आकर्षण भव्य महाअभिषेक रहेगा। इसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं उनके जीवन संदेश को श्रद्धालुओं के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। भगवान को छप्पन भोग अर्पित कर भक्तों में महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा सर्राफा धर्मशाला में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन एवं धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की विशेष व्यवस्था की जा रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए महाप्रसाद की भी व्यापक व्यवस्था की गई है। इस्कॉन श्रीनगर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं,स्थानीय नागरिकों एवं कृष्णभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में इस आध्यात्मिक महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सहभागी बनने का आह्वान किया है। इस्कॉन श्रीनगर प्रबंधन की ओर से समस्त पत्रकार बंधुओं,छायाकारों एवं स्थानीय जनता को इस पावन आयोजन में सादर आमंत्रित किया गया है। आयोजन समिति ने कहा कि जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य का पर्व नहीं,बल्कि प्रेम,भक्ति,सत्य,धर्म और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश देने वाला महान आध्यात्मिक पर्व है। सर्राफा धर्मशाला में सजने वाला यह महोत्सव श्रीनगर को कृष्णभक्ति के रंग में रंगने के साथ ही नगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...