
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। विकास की योजनाएं तभी सार्थक होती हैं,जब उनका लाभ धरातल पर आमजन तक समय पर पहुंचे। पहाड़ों में सड़क,पेयजल,सिंचाई और सुरक्षा से जुड़े कार्य सीधे तौर पर ग्रामीण जीवन और अर्थव्यवस्था से जुड़े हैं। इसी उद्देश्य को केंद्र में रखते हुए श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर गुरुवार को मेडिकल कॉलेज के सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने वार्षिक जिला योजना 2026-27 तथा राज्य सेक्टर से स्वीकृत विभिन्न योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। इस दौरान पेयजल,सिंचाई,लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। डॉ.रावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक धरातल पर उतारा जाए,ताकि विकास कार्यों का सीधा लाभ क्षेत्र की जनता को मिल सके। समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से आपदा से प्रभावित सड़कों एवं मोटर मार्गों की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि आपदा से प्रभावित 24 मोटर मार्गों के टेंडर लगाए जा चुके हैं। इस पर डॉ.रावत ने निर्देश दिए कि आपदा से संबंधित सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं,बल्कि शिक्षा,स्वास्थ्य,रोजगार और बाजार तक पहुंच की जीवनरेखा हैं। इसलिए आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया। सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान श्रीकोट से श्रीनगर की दिशा में लगभग 700 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार के निर्माण की जानकारी दी गई। इस कार्य पर करीब 51 करोड़ रुपये की लागत प्रस्तावित है। सुरक्षा दीवार का निर्माण क्षेत्र की सुरक्षा और बाढ़ एवं नदी के कटाव से प्रभावित क्षेत्रों को संरक्षण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बैठक में विद्यालयों के जीर्णोद्धार से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि आपदा मद से विद्यालयों के जीर्णोद्धार एवं आवश्यक कार्यों के लिए 3 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। डॉ.रावत ने विद्यालयों से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए,ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके। बैठक में जोगड़ी मोटर मार्ग के निर्माण को लेकर भी जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 12 करोड़ रुपये की लागत से जोगड़ी मोटर मार्ग का निर्माण किया जाएगा और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। डॉ.रावत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए और कार्य की प्रगति पर नियमित निगरानी रखी जाए। वहीं लोक निर्माण विभाग को विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 5 करोड़ 47 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई। डॉ.रावत ने अधिकारियों से कहा कि स्वीकृत धनराशि का सदुपयोग सुनिश्चित करते हुए योजनाओं को धरातल पर तेजी से उतारा जाए। समीक्षा बैठक के बाद डॉ.धन सिंह रावत ने श्रीनगर नगर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में जनसम्पर्क कर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद भी किया। उन्होंने वार्ड संख्या-6 तथा वार्ड संख्या-19 के भागीरथी पुरम क्षेत्र में पहुंचकर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क,पेयजल,नाली,आवागमन तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित विषय उनके समक्ष रखे। डॉ.रावत ने लोगों को समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से ही विकास कार्यों को गति दी जा सकती है। विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा पर जोर
बैठक में डॉ.रावत ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखा जाए,बल्कि उनकी नियमित मॉनिटरिंग कर यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक स्वीकृत कार्य समय पर पूरा हो और उसकी गुणवत्ता भी मानकों के अनुरूप हो। उन्होंने जनहित से जुड़े कार्यों में विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। बैठक एवं जनसम्पर्क कार्यक्रम में खिर्सू ब्लॉक प्रमुख अनिल भण्डारी,उप जिलाधिकारी नूपुर वर्मा,भाजपा जिला महामंत्री गणेश भट्ट,श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,पाबों मंडल अध्यक्ष विमल नेगी,पैठाणी मंडल अध्यक्ष विजय रौथाण,जिला मंत्री रमेश मन्द्रवाल,खिर्सू मंडल महामंत्री भुपेंद्र सिंह पंवार,श्रीनगर मंडल मीडिया प्रभारी प्रकाश सती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।