
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सार्वजनिक स्थलों पर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पौड़ी पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग एवं सत्यापन अभियान के तहत श्रीनगर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले तीन व्यक्तियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर चालानी कार्रवाई की। पुलिस द्वारा जनपद भर में सार्वजनिक स्थानों,धार्मिक स्थलों,बाजारों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है,ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इसी अभियान के तहत गुरुवार 23 जुलाई 2026 को श्रीनगर पुलिस द्वारा चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान तीन व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करते हुए पाए गए। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तीनों को हिरासत में लिया और थाने लाकर उनका सत्यापन एवं पूछताछ की। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने तीनों व्यक्तियों के विरुद्ध शांति भंग करने के आरोप में नियमानुसार चालानी कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने,हुड़दंग करने अथवा आमजन की सुरक्षा और शांति में बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पौड़ी पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि,हुड़दंग या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली घटना दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें,ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखी जा सके।