श्रीनगर विधानसभा में विकास की नई रफ्तार-23 नए मोटरमार्गों से गांव-गांव पहुंचेंगे सड़क,बदलेगी पहाड़ की तस्वीर

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ों के विकास की असली पहचान मजबूत सड़क संपर्क से होती है। जब गांव सड़क से जुड़ते हैं तो शिक्षा,स्वास्थ्य,रोजगार,पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों के नए द्वार स्वतः

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ों के विकास की असली पहचान मजबूत सड़क संपर्क से होती है। जब गांव सड़क से जुड़ते हैं तो शिक्षा,स्वास्थ्य,रोजगार,पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों के नए द्वार स्वतः खुल जाते हैं। इसी सोच को साकार करने की दिशा में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को अभूतपूर्व विस्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत खिर्सू,पाबों और थलीसैंण विकासखंडों में 23 नए मोटरमार्गों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जा रहा है, जिससे वर्षों से बेहतर सड़क सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे सैकड़ों ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर उत्तराखंड ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण (यूआरआरडीए) तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में नई सड़कों के निर्माण,डामरीकरण,सर्वेक्षण कार्य तथा आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ.धन सिंह रावत रावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खिर्सू,पाबों और थलीसैंण विकासखंडों में प्रस्तावित सभी 23 मोटरमार्गों की प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण केवल आधारभूत सुविधा नहीं,बल्कि ग्रामीण विकास की सबसे मजबूत कड़ी है। इन मार्गों के निर्माण से दूरस्थ गांवों की वर्षों पुरानी आवागमन संबंधी समस्याओं का समाधान होगा और क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। बैठक में गवाणा-मंगलाकोटी,बयाली-मथीगांव,पाटोली-नौगांव-पजयाना,चमेलियू-नैलटौक,चमेलियू-थापला,बगड़-कण्डोला-धरखोला-भण्डई,चुणखेत-मेगोरी-ऐगार,पाबों-मासौं से ईटूड-धरकोट तल्ला,तलबैंड-मथीगांव,चौरा-बंगारी,त्रिपालीसैंण-किरसाल,सुनारगांव,चुठाणी-काण्डा गदेरा-घण्डियाली बरतोली,त्रिपालीसैंण-कठूड,भैरवखाल-सलौन,त्रिपालीसैंण-गडोली कुथ,झारपाली-हंस्यूड़ी-धांधणखेत,भीरा-गंगाऊ,उफरैंखाल-भटभटाऊ-भगवती तलैया,मैखोली-सुंदरगांव-डैड दैड़ा,कल्याणखाल-किमोज-भैरगांव तल्ला,बंकुड़ा तथा जगतपुर-कन्डेई सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मोटरमार्गों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों का पुनर्निर्माण सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाए,ताकि बरसात के मौसम में ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सड़क परियोजना की नियमित निगरानी की जाए और गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता न हो। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को सुरक्षित,सुगम और सर्वकालिक सड़क सुविधा उपलब्ध कराना है। मजबूत सड़क नेटवर्क से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा,स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र को नई गति मिलेगी। साथ ही पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के पाबों,खिर्सू और थलीसैंण विकासखंडों में 25 मोटरमार्ग पहले ही लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किए जा चुके हैं। इनमें श्रीनगर-1 खंड के 21,श्रीनगर-2 खंड का एक तथा सिंचाई खंड बैजरो की तीन सड़कें शामिल हैं। शेष निर्माणाधीन मार्गों तथा प्रस्तावित नई सड़कों के सर्वेक्षण का कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। मुख्य अभियंता एस.के.पाठक,मुख्य अभियंता मनीष मित्तल,अधीक्षण अभियंता एस.के.बसलियाल,अधिशासी अभियंता पी.आर.चमोली,पी.एस.बिष्ट,विजयपाल नेगी सहित अन्य अधिकारियों ने बैठक में सड़क परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
बैठक के अंत में डॉ.धन सिंह रावत ने दोहराया कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क का व्यापक विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्तावित परियोजनाएं पूरी होने के बाद क्षेत्र के दूरस्थ गांव विकास की मुख्यधारा से और अधिक मजबूती से जुड़ेंगे तथा श्रीनगर विधानसभा प्रदेश के बेहतर सड़क नेटवर्क वाले क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगी।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...