सुमाड़ी-ढिकवालगांव में गूंजा विकास का संदेश-100 से अधिक ग्रामीणों ने थामा भाजपा का दामन

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ के गांवों में विकास की गति और जनप्रतिनिधि के साथ सीधे संवाद का असर शुक्रवार को खिर्सू क्षेत्र में साफ दिखाई दिया। सुमाड़ी और ढिक्वालगांव क्षेत्र

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ के गांवों में विकास की गति और जनप्रतिनिधि के साथ सीधे संवाद का असर शुक्रवार को खिर्सू क्षेत्र में साफ दिखाई दिया। सुमाड़ी और ढिक्वालगांव क्षेत्र में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक ग्रामीणों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी संगठन से जुड़ने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं को लेकर अपनी बात रखी तथा भविष्य में भी क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने शुक्रवार को खिर्सू विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने ढिकवालगांव,खालू एवं चमराड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और क्षेत्र की समस्याओं एवं विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच सीधा संवाद विकास की योजनाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डॉ.धन सिंह रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज सुमाड़ी में दैवीय आपदा मद के अंतर्गत स्वीकृत क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के मरम्मत कार्य का लोकार्पण किया। इसके साथ ही राज्य योजना के अंतर्गत स्वीकृत राजकीय इंटर कॉलेज सुमाड़ी के भवन मरम्मत कार्य का भी लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा से जुड़े संस्थानों की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना बेहद जरूरी है। विद्यालयों में सुरक्षित भवन,मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलता है। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है और जिन योजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है,उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास और विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही निर्धारित समयसीमा का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी की जाएगी तथा विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में लेटलतीफी करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के लिए स्वीकृत योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचना चाहिए। इस दौरान सुमाड़ी क्षेत्र एवं ढिक्वालगांव के 100 से अधिक ग्रामीणों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों और संगठन की गतिविधियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए ग्रामीणों का पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। नवसदस्यों ने कहा कि क्षेत्र में सड़क,शिक्षा,आधारभूत सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों को लेकर किए जा रहे प्रयासों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि वे संगठन के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। नवसदस्यों ने आगामी विधानसभा चुनाव में डॉ.धन सिंह रावत के समर्थन में पूरी मजबूती से कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा और ग्रामीणों ने पार्टी संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने की बात कही। जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों और आवश्यकताओं को डॉ.धन सिंह रावत के समक्ष रखा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है,जब योजनाओं का सीधा लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख खिर्सू अनिल भण्डारी,भाजपा जिला मंत्री रमेश मंद्रवाल,मंडल महामंत्री भूपेंद्र सिंह पंवार,अर्जुन सिंह रावत सुमाड़ी सहित ढिक्वालगांव,धरिगांव के भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...