सैनिक मिलन केंद्र की मांग को मिला नया बल-भूमि उपलब्ध कराने के लिए पूर्व सैनिकों ने खटखटाया प्रशासन का दरवाजा

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। देश की रक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले पूर्व सैनिकों के सम्मान और उनके सामाजिक सरोकारों को सशक्त आधार देने की दिशा में पूर्व सैनिक अर्द्धसैनिक

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। देश की रक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले पूर्व सैनिकों के सम्मान और उनके सामाजिक सरोकारों को सशक्त आधार देने की दिशा में पूर्व सैनिक अर्द्धसैनिक समाज सेवा संगठन चौरास ने सैनिक मिलन केंद्र की स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में 13 जुलाई 2026 को संगठन का प्रतिनिधिमंडल जिला सैनिक कल्याण अधिकारी टिहरी गढ़वाल के माध्यम से जिलाधिकारी से मिलने टिहरी पहुंचा और सैनिक मिलन केंद्र के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने की मांग उठाई। संगठन के अध्यक्ष सूबेदार मेजर यशवंत सिंह रौतेला के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि चौरास क्षेत्र में लगभग 500 पूर्व सैनिक एवं अर्द्धसैनिक बलों से सेवानिवृत्त जवान निवास करते हैं। देश सेवा के बाद समाज सेवा में सक्रिय ये पूर्व सैनिक समय-समय पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने,राष्ट्रीय पर्वों के आयोजन,पूर्व सैनिकों की बैठकों तथा सामाजिक गतिविधियों का संचालन करते हैं, लेकिन आज तक उनके पास अपना कोई स्थायी भवन अथवा सैनिक मिलन केंद्र उपलब्ध नहीं है। प्रतिनिधिमंडल ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए आग्रह किया कि इस जनहित एवं सैनिक हित से जुड़े विषय को प्राथमिकता के आधार पर जिलाधिकारी के समक्ष रखा जाए,ताकि चौरास क्षेत्र में सैनिक मिलन केंद्र के लिए भूमि उपलब्ध कराई जा सके। संगठन का कहना है कि मिलन केंद्र बनने से पूर्व सैनिकों को एक स्थायी मंच मिलेगा,जहां सामाजिक,सांस्कृतिक,राष्ट्रभक्ति एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा सकेंगे। साथ ही नई पीढ़ी को सेना के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा भी मिलेगी। सूबेदार मेजर यशवंत सिंह रौतेला ने कहा कि सैनिक मिलन केंद्र केवल एक भवन नहीं होगा,बल्कि यह पूर्व सैनिकों की एकता,सम्मान और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रतीक बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन इस मांग पर सकारात्मक पहल करेगा और पूर्व सैनिकों की वर्षों पुरानी आवश्यकता को शीघ्र पूरा करने का प्रयास करेगा। प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष लखपत सिंह चौहान,कैप्टन दीवान सिंह,जीत सिंह,जसवंत सिंह,धाम सिंह,प्रेम सिंह,सुरेंद्र सिंह नेगी तथा राजेंद्र प्रसाद भट्ट सहित संगठन के अनेक सदस्य शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में सैनिक मिलन केंद्र के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग को जनहित एवं राष्ट्रहित से जुड़ा विषय बताते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की। पूर्व सैनिकों ने कहा कि जिन्होंने अपना जीवन राष्ट्र की सुरक्षा के लिए समर्पित किया है,उनके लिए एक सम्मानजनक सैनिक मिलन केंद्र की स्थापना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिला प्रशासन उनकी इस न्यायोचित मांग पर संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक निर्णय लेगा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...