हमारी आंगनबाड़ी,हमारी जिम्मेदारी-बच्चों के पोषण और बेहतर भविष्य का संकल्प

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग खिर्सू की ओर से बांसवाड़ा स्थित काली मंदिर परिसर में हमारी आंगनबाड़ी,हमारी जिम्मेदारी कार्यक्रम का आयोजन

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग खिर्सू की ओर से बांसवाड़ा स्थित काली मंदिर परिसर में हमारी आंगनबाड़ी,हमारी जिम्मेदारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने के साथ-साथ बच्चों के पोषण,स्वास्थ्य,शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने प्रतिभाग कर बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि स्वस्थ एवं सुपोषित बच्चे ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं। बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही संतुलित पोषण,बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं,स्वच्छ वातावरण तथा गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों को पोषण उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं,बल्कि उनके प्रारंभिक विकास और मातृ-शिशु स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के लिए बेहतर और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। विशेष रूप से अधिक से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालयों में संचालित किए जाने का प्रयास किया जाएगा। इससे एक ओर आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भवन किराये की समस्या कम होगी,वहीं दूसरी ओर बच्चों को सुरक्षित,स्वच्छ और शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण और विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे,इसके लिए विभागीय स्तर के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय की सहभागिता भी जरूरी है। हमारी आंगनबाड़ी,हमारी जिम्मेदारी का मूल भाव भी यही है कि आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल विभाग की जिम्मेदारी न मानकर समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इनके संरक्षण और बेहतर संचालन में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को मिलने वाले पोषण,स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं,प्रारंभिक शिक्षा तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं को लेकर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि कुपोषण की चुनौती से निपटने के लिए परिवार,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,विद्यालय,स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। कार्यक्रम में श्रीनगर नगर निगम की महापौर आरती भण्डारी,श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,ब्लॉक प्रमुख खिर्सू अनिल भण्डारी,भाजपा जिला महामंत्री गणेश भट्ट,भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रमिला भंडारी,खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत,खिर्सू बाल विकास विभाग की प्रभारी रीना बिंदोला,सुपरवाइजर उर्मिला बधानी,हिमानी डोभाल,बासुदेव कंडारी,सीमा भण्डारी,जितेंद्र धिरवाण,श्रीनगर भाजपा मंडल महामंत्री शुभम प्रभाकर,श्रीनगर भाजपा मीडिया प्रभारी प्रकाश सती सहित विभागीय कार्मिक,जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में हमारी आंगनबाड़ी,हमारी जिम्मेदारी के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा बच्चों के स्वस्थ,सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...