
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
देवप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर देवप्रयाग क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। एक पेड़ मां के नाम थीम पर आयोजित इस अभियान में अरण्यक जन सेवा संस्था,नगर पालिका परिषद देवप्रयाग तथा जल निगम देवप्रयाग ने अलग-अलग स्थानों पर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर प्रकृति संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया। जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों,सामाजिक कार्यकर्ताओं,विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से पूरा क्षेत्र हरियाली के संकल्प से सराबोर नजर आया। अरण्यक जन सेवा संस्था एवं नगर पालिका परिषद देवप्रयाग के संयुक्त तत्वावधान में नगर के वार्ड संख्या-1 स्थित भगीरथी पुल के ऊपर नागराजा मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान आम,जामुन,आंवला सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। सभी प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद देवप्रयाग की अध्यक्षा ममता देवी ने कहा कि हरेला पर्व केवल एक परंपरा नहीं,बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षण देना चाहिए। उन्होंने प्लास्टिक मुक्त एवं हरित देवप्रयाग के निर्माण में जनसहभागिता को सबसे महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद देवप्रयाग निकाय के कर्मचारियों एवं पर्यावरण मित्रों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके उपरांत अरण्यक जन सेवा संस्था द्वारा ग्राम बागी स्थित निराश्रित गौवंशों के लिए संचालित गौशाला परिसर में भी फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान गौसेवक गबर सिंह,विलोचना देवी एवं झिमला देवी सहित क्षेत्र के अनेक नागरिक उपस्थित रहे। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि गौशाला परिसर में लगाए गए पौधे भविष्य में गौवंश को छाया,स्वच्छ वातावरण और प्राकृतिक संरक्षण प्रदान करेंगे। वहीं जल निगम देवप्रयाग द्वारा भी हरेला पर्व को पर्यावरणीय चेतना के महापर्व के रूप में मनाते हुए राजकीय इंटर कॉलेज भलेगांव में वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। अधिशासी अभियंता अजय कुमार गुरुंग की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में जामुन,आम,आंवला,अमरूद सहित विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर श्री गुरुंग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का पौधारोपण आने वाले वर्षों में स्वच्छ वायु,शुद्ध पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य का आधार बनेगा। उन्होंने छात्रों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक विद्यार्थी एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे,तो पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सकता है। कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज भलेगांव के प्रभारी प्रधानाचार्य सेमवाल,विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधरोपण किया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए हर वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। जल निगम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में अजय कुमार गुरुंग,रविंद्र नेगी,अनुराग भट्ट,मीनाक्षी,शुभम,ऋषभ,अंकित,महेश,रोबिन,आशीष सहित विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। हरेला महापर्व पर देवप्रयाग में चले इन वृक्षारोपण अभियानों ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं,बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। जब जनप्रतिनिधि,प्रशासन,सामाजिक संस्थाएं,विद्यार्थी और आम नागरिक एक साथ प्रकृति संरक्षण के लिए आगे आते हैं,तभी हरित उत्तराखण्ड और स्वच्छ भारत का सपना साकार हो सकता है। एक पेड़ मां के नाम अभियान के माध्यम से देवप्रयाग ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।